फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब आ रहे ये वाले ‘तारे जमीन पर’, गायिकी के इस अनोखे मुकाबले में कोई नहीं हारेगा, सब बनेंगे चैंपियन

Fri, 30 Oct 2020 09:09 AM IST
shrilata biswas अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 7
तारे जमीन पर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
भारतीय टेलीविजन के इतिहास में पहली बार टीवी पर एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है जिसमें हिस्सा लेने वाले प्रतियोगी न तो जीतेंगे और न ही हारेंगे। बस सब मिलकर सीखेंगे। गायिकी पर आधारित इस शो का शीर्षक है 'तारे जमीन पर' और इस में भाग लेने वाले प्रतियोगियों को संगीत सिखाने का काम करेंगे जाने-माने गायक शंकर महादेवन, जोनिता गांधी और टोनी कक्कड़। संगीत के इन अध्यापकों ने भी साफ कर दिया है कि न तो किसी भी प्रतियोगी पर और न ही उनके माता-पिता पर कोई दबाव होगा। सब अपनी प्रस्तुति देंगे और खुद से मुकाबला करेंगे।
विज्ञापन

2 of 7
तारे जमीन पर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शो की विचारधारा के बारे में शंकर महादेवन ने अपने बयान में कहा है कि दूसरे रियलिटी शो में अक्सर होता है कि उसमें प्रतियोगी होते हैं और वह एक दूसरे से मुकाबला करते हैं। शंकर का कहना है, 'हमारे इस शो में न तो कोई प्रतियोगी है और न ही उसे किसी से मुकाबला करना है। वह अपने दिल से अपनी प्रस्तुति देगा और उसकी अच्छाइयों और बुराइयों को कम करने और बढ़ाने का काम मैं, टोनी और जोनिता करेंगे। किसी पर जीतने और हारने का कोई दबाव नहीं होगा। शुरुआत 20 प्रतियोगियों से होगी और अंत तक वह 20 के 20 प्रतियोगी साथ बने रहेंगे।'
विज्ञापन

3 of 7
शंकर महादेवन - फोटो : instagram/shankarmadevanFan
शंकर महादेवन के इस शो का हिस्सा होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह इस शो में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतियोगियों को अपनी एकेडमी के अंतर्गत तीन साल की स्कॉलरशिप देंगे। वहां यह बच्चे अपनी प्रतिभा को और भी अच्छे ढंग से निखार पाएंगे। इसके निर्माताओं ने शो के लॉन्च के लिए बृहस्पतिवार को ऑनलाइन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जिसमें शो के मेंटॉर शंकर, टोनी और जोनिता के अलावा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहीं।

4 of 7
शिल्पा शेट्टी - फोटो : instagram/theshilpashetty
शिल्पा भी अब एक मां हैं। बच्चों के लालन-पालन और इस शो के बारे में शिल्पा ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा, 'हम बच्चों को जन्म दे देते हैं तो हम सोचते हैं कि हमारा बच्चों पर अधिकार है। अधिकार बेशक है लेकिन हम उनकी सोच पर अपना हक नहीं जमा सकते। हम सोचते हैं कि हमारा बच्चा वही करे जो हम चाहते हैं। जबकि, आजकल ऐसा नहीं है। बच्चों को अपनी सोची हुई चीज करने का हक है और उन्हें ऐसा ही करना चाहिए। और, माता-पिता को उनकी सोच पर गर्व करना चाहिए। साथ ही उनका साथ भी देना चाहिए। ताकि, बच्चे हंसी खुशी अपने मन का काम कर सकें।'
विज्ञापन

5 of 7
टोनी कक्कड़ - फोटो : instagram/tonykakkar
शो में मेंटॉर की भूमिका निभाने वाले टोनी कक्कड़ किसी भी कलाकार के लिए एक मेंटॉर का होना बहुत जरूरी समझते हैं। उन्होंने अपना मेंटॉर अपनी बहनों सोनू कक्कड़ और नेहा कक्कड़ को बताया। टोनी ने कहा, 'दीदी (सोनू कक्कड़) ने मुझे संगीत सिखाया वहीं नेहा ने मुझे सिखाया कि उस संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश कैसे किया जाए? मेरी जिंदगी में संगीत को लाने का श्रेय इन दोनों को ही जाता है। मेरा भी मानना यही है कि एक अच्छा संगीत हिट तभी हो सकता है जब उसमें कुछ कमर्शियल मूल्यों को जोड़ा जाए।'
विज्ञापन

6 of 7
जोनिता गांधी - फोटो : instagram/jonitamusic
जोनिता गांधी के जीवन में उनके मेंटॉर उनके पिता रहे हैं। हालांकि, उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं है। जोनिता बताती हैं कि वह जब भी कहीं पर गीत गाती हैं तो वह अपने पिता को जरूर याद करती हैं। जोनिता ने कहा, 'जब मैं बचपन में स्कूल के तनाव से गुजर रही थी उस वक्त मेरे पिताजी ने मुझे संगीत की शक्ति बताई। तब मेरी समझ में आया कि संगीत मन के बड़े-बड़े घावों को भी भर देता है। इस निस्वार्थ शो से जुड़कर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। क्योंकि, यहां किसी भी तरह की कोई प्रतियोगिता नहीं चल रही। यहां सब एक दूसरे से सीखेंगे और मिलकर एक दूसरे का उत्साह बढ़ाएंगे।'
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
आमिर खान - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की होस्ट अभिनेत्री सुगंधा मिश्रा ने बताया कि इस शो का शीर्षक अभिनेता आमिर खान की फिल्म 'तारे जमीन पर' से ही लिया गया है। शो के निर्माता जब इस शीर्षक के लिए आमिर खान के पास अनुमति लेने के लिए गए तो आमिर खान भी इस शो के विचार से बहुत खुश हुए। और, उन्होंने तुरंत अपनी फिल्म के नाम को इस शो के शीर्षक के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी। इसके अलावा सुगंधा ने शो की शूटिंग के दौरान कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए इस्तेमाल होने वाली स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि सैनिटाइजेशन के अलावा शूटिंग के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान सोशल डिस्टेंसिंग पर ही दिया जाता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें