छोटे परदे के धारावाहिकों की शूटिंग कवरेज के दौरान इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ के सेट पर एक रोमांचक मुलाकात होते हुए देखने को मिली। सोनी चैनल पर 20 दिसंबर से प्रसारित होने जा रहे रियलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ में आने वाले धंधों के प्रस्तावों को जांचने वाले देश के कुछ अनुभवी उद्योगपतियों ने यहां अमिताभ बच्चन मुलाकात की। केबीसी के इस खास एपीसोड की शूटिंग पर पहुंचने वालों में शामिल रहे, 'भारत पे' के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर 'भारत पे' के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, अशनीर ग्रोवर, शुगर कॉस्मेटिक्स की सीईओ एवं को-फाउंडर, विनीता सिंह, लेंसकार्ट के फाउंडर एवं सीईओ पीयूष बंसल, एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स की कार्यकारी निदेशक नमिता थापर, शादी डॉट कॉम - पीपल ग्रुप के फाउंडर व सीईओ अनुपम मित्तल, मामाअर्थ की को-फाउंडर गजल अलघ और बोट के को-फाउंडर एवं चीफ मार्केटिंग ऑफिसर, अमन गुप्ता।
दुनिया भर में मशहूर शो ‘शार्क टैंक’ के भारतीय संस्करण में शामिल उद्योगपतियों को अमिताभ बच्चन ने पूरी गर्मजोशी के साथ अपने शो पर स्वागत किया। इन दिनों किसी लोकप्रिय शो पर उसी चैनल के दूसरे शो के कलाकारों को पेश करने का चलन हर तरफ दिख रहा है। केबीसी 13 की टीआरपी भी इन दिनो हालांकि अपेक्षित नतीजे नहीं ला पा रही है लेकिन चैनल की ब्रांडिंग के लिहाज से ये शो फिर भी ठीकठाक चल रहा है।