देश को कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च 2020 को रात 8 बजे देश में लॉकडाउन का एलान किया था। बस, ट्रेन से लेकर मॉल और सिनेमाघरों तक, सब कुछ बंद कर दिया गया था। लॉकडाउन में लोगों को एहसास हुआ कि कम जरूरतों में बेहतर जिंदगी गुजार सकते हैं। इतना ही नहीं ये वक्त ऐसा था जब सालों बाद लोग अपने परिवार के साथ वक्त बिता रहे थे। जनता के मनोरंजन के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक ऐसा तरीका खोज निकाला कि इतिहास खुद को दोहराने लगा। लोग 80 और 90 के दशक की यादों में खो गए जब पूरे परिवार के साथ बैठकर लोग टीवी पर रामायण और महाभारत देखते थे। रामायण, महाभारत की कहानी और किरदार इतने खूबसूरत और असरदार थे कि लोग उन्हें अब भी पहचानते हैं, सम्मान देते हैं।