टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल कहे जाने वाले एक्टर अविनाश सचदेव और एक्ट्रेस पलक पुरसवानी अब हमेशा-हमेशा के लिए अलग हो चुके हैं। अविनाश और पलक पिछले दो साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और दोनों जल्द ही शादी करने के लिए पूरी तरह तैयार थे। इतना ही नहीं, अविनाश और पलक का साल 2021 में ही रोका हुआ था। लेकिन इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते में परेशानियां आनी शुरू हो गईं। इसी वजह से अब अविनाश और पलक ने अपने रिश्ते को खत्म कर दिया है और इस बात की पुष्टि पलक पुरसवानी ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में की है।
पलक पुरसवानी ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने और अविनाश के ब्रेकअप को सच बताया है। एक्ट्रेस ने कहा, ‘हर रिश्ता उतार-चढ़ाव का सामना करता है। कई दिक्कतें आती हैं, जो हर किसी के लिए सामान्य होती हैं। लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी होती हैं जिसे सुलझाया नहीं जा सकता है। मेरी लाइफ में प्यार से पहले सम्मान और वफादारी आती है।’