फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

New Year 2022: सितारों ने बांधे ओमिक्रॉन से जीतने के मंसूबे, सतर्क रहकर जीतेंगे मनोरंजन का आसमां

Thu, 30 Dec 2021 05:08 PM IST
वर्तिका तोलानी अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 10
New Year 2022 - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

साल 2021 जाने को है और नया साल बस कुछ ही कदमों की दूरी पर है। सबके मन में फिर एक बार कोरोना की तीसरी लहर का डर तो सता रहा है लेकिन कलाकारों में इस बार हिम्मत और हौसला दोनों है। धारावाहिकों में काम करने वाले कलाकार पहले से ही इस बार तैयार हैं। अधिकतर ने कोरोना की दोनों वैक्सीन लगवा ली हैं। सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए शूटिंग पर काम कर रहे हैं और नए साल का स्वागत पूरे जोशोखरोश के साथ करने की इनकी पूरी तैयारी है।

विज्ञापन

2 of 10
ऐतशा संझगिरी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक पुण्यश्लोक अहिल्याबाई में अहिल्याबाई होल्कर का किरदार कर रही अभिनेत्री ऐतशा संझगिरी बताती हैं, "नए साल की पूर्व संध्या मेरे लिए बड़ी उत्साहजनक होती है। यह सेलिब्रेशन गुजरे साल को गर्मजोशी से विदा करने का एहसास जगाता है। यह अपनों के साथ नए साल का स्वागत करने का भी एक बढ़िया मौका होता है। तो मैं अपने नए साल की पूर्व संध्या ज्यादातर अपने दोस्तों के साथ मनाती हूं, जहां हम मिलकर बढ़िया वक्त बिताते हैं। इस साल 2022 में मैं बुलेट जर्नलिंग का नया संकल्प लेना चाहती हूं क्योंकि मुझे लगता है कि यह अपनी जिंदगी को लेकर जागरूक रहने का सबसे रचनात्मक और आसान तरीका है।"

विज्ञापन

3 of 10
गौरव अम्लानी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

इसी धारावाहिक में खंडेराव का रोल निभा रहे गौरव अम्लानी कहते हैं, "2021 मेरे लिए कई मायनों में, खास तौर पर कुछ नया सीखने और अपना विकास करने के मामले में बेहद खास रहा। जहां साल की शुरुआत बड़ी अनिश्चित रही, वहीं साल के आखिरी तीन महीनों के दौरान में मुझे पुण्यश्लोक अहिल्याबाई जैसा शो मिला, जिसने मेरे लिए बहुत-सी चीजें बदल दीं। तो मैं कह सकता हूं कि यह साल मेरे लिए सबसे खास वर्षों में से एक रहा। नए साल का जश्न मनाने की बात हो तो मैं इसे अपने परिवार और किसी खास के साथ मनाता हूं। हम बढ़िया खाने के लिए बाहर जाते हैं और फिर गुरुद्वारा जाकर रात के 12 बजने का इंतजार करते हैं। मैं चाहता हूं कि मैं नतीजों की फिक्र किए बिना पूरी ईमानदारी से काम करता रहूं। मैं हमेशा भगवान की योजना में विश्वास रखता हूं और मैंने अब तक जो भी हासिल किया है, मैं हमेशा इसका आभारी रहूंगा।"

4 of 10
राजेश श्रृंगारपुरे - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक पुण्यश्लोक अहिल्याबाई में ही मल्हार राव होल्कर का रोल निभा रहे राजेश श्रृंगारपुरे बताते हैं, "2021 की विदाई पर मैं अपने परिवार और दोस्तों के साथ कुछ बढ़िया वक्त बिताऊंगा। 2022 के लिए मैं खुद को शारीरिक और मानसिक तौर पर फिट रखना चाहता हूं। मैं अपने सभी फैंस के लिए भी यही दुआ करता हूं कि वे सुरक्षित रहें और अपने परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत करें।"

विज्ञापन

5 of 10
दिशा परमार - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक बड़े अच्छे लगते हैं 2 में प्रिया का रोल निभा रहीं दिशा परमार कहती हैं, "मैं अपने सभी फैंस को हैप्पी न्यू ईयर कहना चाहती हूं। उम्मीद करती हूं कि साल 2022 आप सभी की जिंदगी में ढेरों खुशियां और उम्मीदें लेकर आए। मैंने हमेशा धूमधाम से नए साल का स्वागत किया है क्योंकि यह आपके नए स्वरूप का उत्सव होता है। मैं प्रार्थना करती हूं कि 2022 एक ऐसा साल बने जिसमें हम सभी की जिंदगी में बेहतर बदलाव आए और हम अपने सपनों को हासिल करने के लिए और मेहनत करें। नए साल में हमारी इच्छाएं पूरी हों और हम एक बेहतर स्वरूप में सामने आएं।"

विज्ञापन

6 of 10
कनुप्रिया पंडित - फोटो : सोशल मीडिया

बड़े अच्छे लगते हैं 2 में ही मीरा का रोल निभा रहीं कनुप्रिया पंडित बताती हैं, "2022 के लिए मेरा नए साल का संकल्प अपनी जड़ों में वापस लौटने का होगा। मैं ऐसी चीजें करना चाहती हूं जिससे मुझे, समाज को और इस धरती को फायदा हो। मैं अपनी जिंदगी को व्यवहारिक बनाना चाहती हूं। मैं व्यायाम करना चाहती हूं, गहरी सांस लेना चाहती हूं, खेती करना चाहती हूं, खाना बनाकर लोगों को खिलाना चाहती हूं और टीवी, फिल्मों और दूसरे माध्यमों के साथ-साथ थिएटर में भी लौटना चाहती हूं।"

 
विज्ञापन

7 of 10
चांदनी शर्मा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक कामना में आकांक्षा का किरदार निभा रहीं चांदनी शर्मा कहती हैं, "2022 में सभी के लिए मेरी यही शुभकामनाएं हैं कि वे स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल रहें। मैं प्रार्थना करती हूं कि हम सभी उन मुश्किलों और चुनौतियों से बाहर निकल आएं, जिनका सामना हम इस समय कर रहे हैं और यह उम्मीद करती हूं कि 2022 एक खुशहाल, स्वस्थ, उमंगों और उन्नति का साल हो। मुझे 2022 का बेसब्री से इंतजार है।"

8 of 10
अभिषेक रावत  - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक कामना में मानव का रोल निभा रहे अभिषेक रावत कहते हैं, "जैसे-जैसे नया साल करीब आ रहा है, मेरा उत्साह बढ़ता जा रहा है! नए साल का मतलब है नई उम्मीद, नया जोश और नया भाग्य। 2021 सारी दुनिया के लिए एक चुनौतीपूर्ण साल रहा। हालांकि इन तमाम मुश्किलों और अनिश्चितताओं के बावजूद बीते साल में ऐसा बहुत कुछ था, जिसके लिए हम शुक्रगुजार हैं। मैं चाहता हूं कि साल 2022 एक सामान्य वर्ष हो, जहां मेरे माता-पिता बाहर निकल सकें और हम सभी एक सामान्य जिंदगी जी सकें।"

9 of 10
रोहित पुरोहित  - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

धारावाहिक धड़कन ज़िंदगी की के डॉ विक्रांत यानी रोहित पुरोहित कहते हैं, "नया साल हमेशा मेरे और मेरे परिवार के लिए खास रहता है, क्योंकि यह नया वक्त लेकर आता है। हम एक उम्मीद भरे भविष्य की तरफ कदम बढ़ाते हैं और यह एक तरह से मेरे लिए बड़ा भावुक पल होता है, खास तौर पर यह देखते हुए कि मैं अपने करियर में कितना आगे आ चुका हूं। हालांकि नए साल का मेरा कोई संकल्प नहीं है, लेकिन फिर भी मैं यह मानता हूं कि 2022 हम सभी की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा और हम सभी अपने उज्जवल भविष्य के लिए अपना बेहतर स्वरूप सामने लाएंगे।"

विज्ञापन

10 of 10
अदिति गुप्ता - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

वहीं धारावाहिक धड़कन ज़िंदगी की में डॉ. दीपिका सिन्हा का रोल निभा रहीं अदिति गुप्ता बताती हैं, "मैं चाहती हूं कि 2022 सबकी जिंदगी का सबसे बेहतरीन साल बने। दूसरा, मुझे लगता है कि नए साल के संकल्प को कुछ ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर बताया जाता है। यह बड़े बोझिल होते हैं क्योंकि यदि आप कोई संकल्प करते हैं और इसे पूरा नहीं कर पाते, तो आपके दिमाग में हमेशा यह ख्याल बना रहता है कि आप अपना संकल्प पूरा करने में नाकाम रहे। नए साल के साथ खुद को बदलना एक अच्छा विचार है, लेकिन मैं मानती हूं कि मैं तो एक ऐसी इंसान हूं जो हमेशा बदलती रहती हूं। मैं स्थिति के साथ बदल जाती हूं, हर माहौल में ढल जाती हूं और इसके लिए मुझे किसी संकल्प की जरूरत नहीं है।"

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें