टीवी के क्विज शो 'कौन बनेगे करोड़पति-13' के होस्ट अमिताभ बच्चन ने आने वाले एपिसोड की एक झलक दिखाकर दर्शकों की बेसब्री बढ़ा दी है। शो में हर शानदार शुक्रवार को कोई न कोई सिलेब्रिटी गेस्ट आते हैं। इस बार कृति सैनन और राजकुमार राव हॉट सीट पर बिग बी के साथ नजर आने वाले हैं। इस दौरान अमिताभ बच्चन को कृति सेनन के साथ बॉलरूम डांस करते देखा जा सकता है। अमिताभ बच्चन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया है। इस फोटो में वह कृति सेनन के साथ डांस करते हुए दिख रहे हैं। शेयर की गई इस फोटो में अमिताभ बच्चन ब्लू सूट और कृति एक खूबसूरत लाल ड्रेस में पोनी टेल बनाए हुए खूबसूरत लग रही हैं। तस्वीर में कृति, अमिताभ के हाथों में हाथ डाले दिख रही हैं और दोनों ही एक दूसरे को देखकर मु्स्कुरा रहे हैं।
फोटो शेयर करते हुए अमिताभ ने लिखा है, लाल रंग की ड्रेस में इस खूबसूरत महिला, कृति सेनन के साथ बॉलरूम डांसिंग.. आह वो कॉलेज और कलकत्ता के दिन वापस आज आ गये।
फिल्मों में आने से पहले अमिताभ बच्चन 1963 से 1968 तक करीब साढ़े पांच सालों तक कोलकाता में रहे थे। अमिताभ ने कोलकाता में कई कंपनियों में एक्जीक्यूटिव की नौकरी की थी। कोलकाता में काम करने के साथ ही वह थियेटर भी किया करते थे। जिसके बाद उन्होंने मुंबई आकर अपनी किस्मत आजमाई और आज वह सदी के माहानायक के रुप में जाने जाते हैं।