टेलीविजन के लोकप्रिय शो कौन बनेगा करोड़पति के जल्द ही बंद होने की खबरें हैं। इस शो ने कुछ समय पहले ही अपने 1000 एपिसोड पूरे किए हैं। इस शो से बिग बी का अलग लगाव है और कई यादें जुड़ी हैं। कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर हर हफ्ते शानदार शुक्रवार को कोई न कोई सितारा दस्तक देता है ऐसे में इस हफ्ते शो में खास मेहमान बनकर पहुंचें क्रिकेट जगत के दो चमकते खिलाड़ी हरभजन सिंह और इरफान पठान। दोनों की जोड़ी ने अमिताभ बच्च्न के साथ खूब मस्ती मजाक और डांस किया। बिग बी ने भी इन दोनों खिलाड़ियों को सभी इच्छाएं पूरी की।
अमिताभ बच्चन ने दिया हरभजन सिंह को सरप्राइज
एक तरफ जहां अमिताभ हरभजन सिंह और इरफान पठान द्वारा की गई सभी ख्वाहिशों को पूरा करते हुए नजर आए, तो वहीं बिग बी के साथ भी दोनों खिलाड़ियों ने कई किस्से और पुरानी यादों को ताजा किया। इस दौरान अमिताभ बच्चन ने भज्जी को एक ऐसा सरप्राइज दिया, जिसे देखने के बाद हरभजन सिंह अपने आंसू नहीं रोक पाए और सेट पर ही रो पड़े। हरभजन सिंह को इमोशनल देखकर बिग बी भी काफी भावुक हो गए।
बेटी और पत्नी का दिखाया मैसेज
शो के आखिर में अमिताभ बच्चन ने हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा और उनकी बेटी के द्वारा भेजा गया एक वीडियो मैसेज चलाया। इस वीडियो में गीता बसरा ने हरभजन सिंह को दुनिया का सबसे अच्छा पति बताया। गीता बसरा के बाद वीडियो में जैसे ही हरभजन सिंह के सामने उनकी बेटी आईं भज्जी काफी भावुक हो गए। हरभजन की बेटी ने उन्हें दुनिया का सबसे अच्छा पिता बताया।
सेट पर ही रो पड़े भज्जी
उनकी बेटी ने अपने पिता को आई लव यू भी बोला। इतना सुनते ही भज्जी की आंखों में आंसू आ गए। हरभजन सिंह ने कहा वो जब भी अपनी बेटी को देखते हैं तो रो पड़ते हैं। इसी के साथ भज्जी ने अमिताभ बच्चन को अपने बचपन का एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि जब वो 13 साल के थे तभी उनके माता-पिता ने उन्हें हॉस्टल में डाल दिया था। आज वो जो भी हैं उन्हीं की वजह से हैं।
बेटी से दूर नहीं रह पाते हैं भज्जी
भज्जी ने आगे कहा कि जबसे वो पिता बने हैं वो अपनी बेटी से दूर नहीं रह पाते हैं। भज्जी की बात सुनकर बिग बी भी काफी भावुक हो गए। इसके अलावा भज्जी ने बिग बी से बंगाली में गाना सुनने की इच्छा जताई। बिग बी भी उनकी बात को ना नहीं कर सकें और उन्होंने बंगाली भाषा में दोनों क्रिकेटर्स के गाना गाया।
25 लाख रुपए जीते
शो में बतौर मेहमान नजर आए हरभजन सिंह और इरफान पठान ने इस दौरान 13 सवालों के सही जवाब देकर 25 लाख रुपए की इनाम राशि अपने नाम की। इस दौरान दोनों क्रिकेटर अमिताभ बच्चन के साथ मस्ती मजाक करते भी नजर आए। इस दौरान अभिनेता अमिताभ बच्चन ने दोनों खिलाड़ियों के साथ ना सिर्फ मंच पर भांगड़ा किया बल्कि क्रिकेट भी खेला। शो का यह आखिरी एपिसोड कई मायनों में दर्शकों के लिए मनोरंजक भी रहा।