मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस के घर में अक्सर जोड़ियां बनती और बिगड़ती दिखती है। शो के 15वें सीजन में भी दर्शकों को ऐसी ही कुछ जोड़ियां नजर आईं। मायशा और ईशान के बाद घर में एक- दूसरे के करीब आए करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की जोड़ी को भी दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। हालांकि दोनों के रिश्ते में लगातार आते उतार-चढ़ाव की वजह से कई बार करण और तेजस्वी को आलोचनाएं भी झेलनी पड़ती है। बीते दिनों एक- दूसरे से हुए झगड़े के बाद तेजस्वी और करण फिर से करीब आते दिखाई दे रहे थे, लेकिन शो के बीते एपिसोड से दोनों के बीच फिर से दूरियां आती नजर आ रही हैं।
दरअसल सोमवार को प्रसारित हुए एपिसोड में शमिता और प्रतीक के बीच हुए टास्क के दौरान संचालक बने करण, राखी और उमर पर तेजस्वी ने गंभीर आरोप लगाए। टास्क के दौरान तेजस्वी का प्रतीक सहजपाल को सपोर्ट करना करण कुंद्रा को बिल्कुल पसंद नहीं आया। वहीं, तेजस्वी का कहना था कि करण और उमर शमिता को जिताने की कोशिश कर रहे हैं।