विवादित रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन का फिनाले जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे- वैसे ही घर वालों के बीच कॉम्पिटिशन कड़ा होता जा रहा है। ऐसे में बिग बॉस लगातार घरवालों को फिनाले में जगह बनाने के लिए टास्क देते नजर आ रहे हैं। घरवालों के बार-बार टास्क रद्द करने के बाद बिग बॉस ने सभी कंटेस्टेंट्स को सबक सिखाने के लिए घर में फेक हाउस बनाया। इतना ही नहीं फेक हाउस में 4 नए सदस्यों मुनमुन दत्ता, विशाल सिंह, आकांक्षा पुरी और सुरभि चंदना से फेक टास्क भी करवाएं। हालांकि, बिग बॉस ने घर में मौजूद कंटेस्टेंट से इन सभी टास्क को असल में करवाया, जिसकी वजह से शो को अब अपने तीन और फाइनलिस्ट मिल चुके हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को प्रसारित हुए एपिसोड में फेक हाउस की सदस्य सुरभि चंदना ने चौथे टास्क के लिए देवोलीना भट्टाचार्जी और रश्मि देसाई को चुनौती दी। इसके बाद यह दोनों सदस्य टास्क करती नजर आईं। इस टास्क के तहत दोनों को एक पोल पर खड़ा होना था। जबकि घर के बाकी सदस्य इन दोनों को पोल से उतारने की कोशिश करते नजर आए।