टेलीविजन के मशहूर और चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीजन के फिनाले में अब कुछ ही दिन बाकी है। ऐसे में फिनाले में अपनी जगह बनाने के लिए सभी भी सदस्य एक- दूसरे से मुकाबला करते नजर आ रहे हैं। हालांकि बिग बॉस के दिए टास्क के बार बार रद्द होने की वजह से बॉस सभी घरवालों से बेहद नाराज नजर आए। शो के इस सीजन को अभी तक राखी सावंत के रूप में सिर्फ एक ही फाइनलिस्ट मिली हैं। ऐसे में शो के फिनाले तक फाइनलिस्ट के नाम का चुनाव एक कड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बीते दिनों घरवालों के रवैये से ना सिर्फ बिग बॉस नाराज नजर आ रहे हैं, बल्कि शो के होस्ट सलमान खान भी घरवालों से काफी खफा दिखाई दिए।
बीते हफ्ते घर में हुए बवाल और हंगामे का लेखा-जोखा लेकर शो के होस्ट सलमान खान एक बार फिर घरवालों से रूबरू हुए। इस दौरान सलमान खान ने ना सिर्फ घरवालों के साथ नया साल बनाया, बल्कि घर वालों की जमकर क्लास भी लगाई। वहीं हर बार की तरह इस बार भी शो में बतौर मेहमान खास कलाकार पहुंचे।