'बिग बॉस' के टॉप प्रतियोगियों में जगह बनाने के बाद विशाल आदित्य सिंह घर से बाहर हो चुके हैं। 'बिग बॉस' के अपने सफर से खुश होने के बावजूद ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले घर से बाहर होने के कारण विशाल थोड़े निराश भी हैं। उनका मानना है कि निजी जिंदगी में उन्हें यहां मिले अनुभव काफी काम आएंगे और इस शो से वह और भी बेहतर इंसान बनकर निकले हैं। घर से बाहर निकलने के बाद विशाल ने अमर उजाला से बातचीत की और बताया कि आखिर यह शो उनके लिए किन मायनों में खास रहा।
'बिग बॉस' का आपका सफर कितना हिचकोले खाते हुए बीता।
मेरा 'बिग बॉस' का सफर काफी मजेदार रहा। घर में मैंने कई उतार-चढ़ाव देंखे। किसी से रिश्ते बने तो किसी से रिश्ते बिगड़े भी। कभी मनमुटाव, कभी लड़ाई, कभी मार खाना, कभी गाली खाना। कह सकते हैं कि मेरा यह सफर एक अलग ही स्तर का रहा। पूरी जिंदगी मैं अपने इस अनुभव को नहीं भुला पाऊंगा। 'बिग बॉस' से मैं काफी कुछ सीख कर बाहर निकल रहा हूं।