मनोरंजन जगत में इन दिनों शादियों की धूम मची हुई है। हाल ही में मशहूर स्टार कपल कटरीना कैफ और विकी कौशल शादी के बंधन में बंध गए हैं। वहीं अब जल्द ही टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे अपने लंबे रिलेशन के बाद बॉयफ्रेंड विक्की जैन के साथ शादी रचाने वाली हैं। इस कपल की शादी की रस्में 11 दिसंबर से शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में आज अंकिता लोखंडे की मेहंदी सेरेमनी आयोजित की गई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं।
बेहद खुश नजर आईं अंकिता
सामने आई इन तस्वीरों में अंकिता अपने होने वाले दूल्हे का नाम अपनी मेहंदी में लिखवातीं बेहद खुश नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि अंकिता लोखंडे को मेहंदी लगाने वाली आर्टिस्ट कोई और नहीं बल्कि कुछ दिनों पहले ही बॉलीवुड कपल कटरीना कैफ और विक्की कौशल को मेहंदी लगाने वाली मेहंदी आर्टिस्ट वीना नागदा ही हैं। फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पर अंकिता की मेहंदी सेरेमनी की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इनमें अभिनेत्री मेहंदी लगाई हाथों के साथ वीना नागदा के साथ पोज देती नजर आ रही हैं।