Ranveer Allahbadia Explained: रणवीर इलाहाबादिया द्वारा समय रैना के शो पर की गई अभद्र और अश्लील टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है। रणवीर समेत अन्य कॉमेडियंस पर केस भी दर्ज हो चुका है। चलिए बताते हैं कि अब तक इस मामले में क्या-क्या हुआ?
विज्ञापन
1 of 9
रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना विवाद
- फोटो : अमर उजाला
यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रहा है। लोकप्रियता के साथ-साथ शो को लेकर विवाद भी खड़े हो गए हैं। दरअसल, इस बार शो के एक एपिसोड में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक प्रतियोगी से बात करते हुए उनके परिवार को लेकर अभद्र और अश्लील टिप्पणी कर दी, जिसे लेकर अब रणवीर कानूनी शिकंजे में भी फंस चुके हैं। इसके साथ ही शो में मौजूद अन्य कॉमेडियंस के खिलाफ भी केस दर्ज हुए हैं। इस मामले की पूरी कहानी क्या है? चलिए आपको विस्तार से बताते हैं।
विज्ञापन
2 of 9
रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना विवाद
- फोटो : instagram.Ranveer Allahbadia
रणवीर इलाहाबादिया की अभद्र टिप्पणी
समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में रणवीर इलाहाबादिया जज के तौर पर पहुंचे थे। शो में यूट्यूबर आशीष चंचलानी और अपूर्वा मखीजा भी नजर आए। रणवीर ने इस शो में एक प्रतिभागी से माता पिता के निजी संबंधों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई, जिसे लेकर यूजर्स के बीच भी काफी आक्रोश देखने को मिला। सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स ने शो और रणवीर के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। साथ ही शो भी बंद करवाने की अपील की।
विज्ञापन
3 of 9
देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : एक्स/@Dev_Fadnavis
देवेंद्र फडणवीस ने भी दी प्रतिक्रिया
इस क्लिप को लेकर गुस्सा सिर्फ आम लोगों में ही नहीं, बल्कि राजनेताओं के बीच भी देखने को मिला। विवाद बढ़ता चला गया, जिसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे भी इसकी जानकारी मिली है, लेकिन मैंने उसे अभी तक देखा नहीं है। कुछ बहुत भद्दे तरीके से कहा गया है, प्रजेंट किया गया है। ऐसा मुझे भी पता चला है, जो कहा गया वो बिल्कुल गलत है। अभिव्यक्ति की आजादी सभी को है, लेकिन हमारी आजादी वहां समाप्त हो जाती है, जब हम किसी और की आजादी का अतिक्रमण करते हैं। यह ठीक नहीं है। हमारे समाज में कुछ नियम तय किए हैं। अगर उनको कोई पार करता है तो यह बहुत गलत बात है। अगर ऐसी कोई बात होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।'
4 of 9
रणवीर इलाहाबादिया का विवाद
- फोटो : इंस्टाग्राम
गौरव तनेजा ने भी की आलोचना
यूट्यूबर गौरव तनेजा ने एक्स पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा, 'ऐसा लगता है कि समय रैना तब तक नहीं रुकेगा, जब तक वह पूरे यूट्यूब इंडिया को रद्द नहीं करवा देता।'
विज्ञापन
5 of 9
महुआ माजी
- फोटो : ANI
महुआ माजी भी भड़कीं
रणवीर की टिप्पणी पर विवाद पर जेएमएम सांसद महुआ माजी ने बयान देने हुए कहा, 'यह एक पब्लिसिटी स्टंट है, उन्हें कुछ समय पहले पीएम से पुरस्कार भी मिला था। उन्हें कम से कम इसका सम्मान करना चाहिए था। माता-पिता और बच्चों के बीच का रिश्ता बहुत पवित्र होता है। उस पर इस तरह की अश्लील टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संबंधित मंत्रालय को कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसी वेब सीरीज हैं, जिन्हें परिवार के साथ एक साथ नहीं देखा जा सकता है। यह केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय की जिम्मेदारी है, तभी उन पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। वे अपना सबक सीखेंगे।'
विज्ञापन
6 of 9
रणवीर इलाहाबादिया
- फोटो : इंस्टाग्राम
रणवीर पर केस दर्ज
रणवीर इलाहाबादिया और अन्य कॉमेडियनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा ने मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फलसंकर और राज्य महिला आयोग को पत्र लिखा। उन्होंने कहा है कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो में की गई टिप्पणियां महिलाओं का अपमान करने के समान हैं और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत में इलाहाबादिया, कॉमेडियन समय रैना और अपूर्व मखीजा समेत अन्य का नाम है। शिकायत में कहा गया है कि कॉमिक्स ने महिलाओं के शरीर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। शिकायत में कहा गया है कि उनकी टिप्पणियों से बच्चों के मन में उनके माता-पिता के बारे में अश्लील विचार फैल रहे हैं। वकीलों ने आरोप लगाया है कि इस तरह के बयान केवल पैसा कमाने के उद्देश्य से दिए गए थे।
विज्ञापन
7 of 9
रणवीर इलाहाबादिया
- फोटो : इंस्टाग्राम
विवाद बढ़ने पर मांगी माफी
इस मामले पर लोगों का गुस्सा भड़कता चला गया, जिसके बाद रणवीर पर केस भी दर्ज हुआ। वहीं, इसी बीच रणवीर ने वीडियो जारी कर इस मामले को लेकर माफी भी मांगी। उन्होंने कहा, 'कॉमेडी मेरी विशेषता नहीं है और यह अच्छा नहीं था। मुझे वह नहीं कहना चाहिए था, जो मैंने इंडियाज गॉट लेटेंट पर कहा। मुझे खेद है। मेरी टिप्पणी न केवल अनुचित थी, बल्कि यह मजेदार भी नहीं थी। कॉमेडी मेरी विशेषता नहीं है। मैं यहां केवल माफी मांगने आया हूं। मैं शो के मेकर्स ने आग्रह करूंगा कि वो क्लिप हटा दी जाए। बस मैं यही कहना चाहता हूं कि सॉरी।'
8 of 9
रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना विवाद
- फोटो : इंस्टाग्राम
शो के सेट पर भी जांच करने पहुंची पुलिस
कुछ घंटे पहले शो में रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस खार स्थित शो के सेट पर पहुंची थी। वहीं, अब मुंबई पुलिस की टीम खार स्टूडियो से रवाना हुई, जहां शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' की शूटिंग हुई थी। इससे पहले, यूट्यूबर रणवीर इलाहबादिया, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्व मखीजा, कॉमेडियन समय रैना और शो इंडियाज गॉट लेटेंट के आयोजकों के खिलाफ मुंबई कमिश्नर और महाराष्ट्र महिला आयोग में शिकायत दर्ज की गई थी।
समय रैना-रणवीर इलाहाबादिया विवाद
- फोटो : इंस्टाग्राम
अन्य कॉमेडियंस पर भी केस दर्ज
असम पुलिस ने यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया और कॉमेडियन समय रैना सहित अन्य प्रभावशाली लोगों के खिलाफ यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के हालिया एपिसोड में कथित रूप से अश्लीलता को बढ़ावा देने और यौन रूप से स्पष्ट और अश्लील चर्चा में शामिल होने के लिए मामला दर्ज किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यूट्यूबर और प्रभावशाली व्यक्ति आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्व मखीजा और अन्य को भी अश्लीलता को बढ़ावा देने के लिए एफआईआर में नामित किया गया है।