इस साल ओटीटी पर अब तक रिलीज हुईं हिंदी वेब सीरीज में अव्वल नंबर साबित हो रही अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज ‘जुबली’ की इन दिनों सोशल मीडिया पर हर तरफ चर्चा है। सीरीज में कमाल का अभिनय करने वाली अदिति राव हैदरी ने सीरीज में बॉम्बे टाकीज की मालकिन देविका रानी से प्रेरित किरदार निभाया है। अभिनेताओं में अपारशक्ति खुराना का किरदार मदन कुमार कुछ कुछ ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार व करामाती अभिनेता अशोक कुमार की शख्सीयतों का मिश्रण हैं तो सिद्धांत गुप्ता ने जय खन्ना का जो किरदार निभाया है, उसमें राज कपूर और देव आनंद के अक्स दिखाई देते हैं। इनके अलावा सीरीज का एक और अहम किरदार है नीलोफर, जिसे वामिका गब्बी ने निभाया है, लेकिन वामिका इस किरदार के लिए सीरीज बनाने वालों की पहली पसंद नहीं थीं।