कलाकार: परिणिती चोपड़ा, सिद्धार्थ मल्होत्रा, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी और अपारशक्ति खुराना।
निर्देशक: प्रशांत सिंह
निर्माता: एकता कपूर, शोभा कपूर, शैलेश आर सिंह
पकड़ुआ विवाह बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की एक लंबे समय से चली आ रही समस्या है। इस पर इतना कुछ लिखा, कहा और बनाया जा चुका है कि सिनेमा के लिए यह विषय कम से कम एक कॉमेडी फिल्म के फॉर्मेट में बिखरा-बिखरा सा लगता है। फ्लॉप फिल्मों की डबल हैट्रिक पूरी कर चुके अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा को इसके बावजूद इसकी कहानी मनोरंजक और दिलचस्प लगी, इस पर सिर्फ अचरज ही किया जा सकता। ये अलग बात है कि इस विषय पर बन चुके धारावाहिक की जानकारी उन्हें तब मिली जब फिल्म पूरी हो चुकी थी। एक अभिनेता के समाज से कटे रहने और वास्तविक परिस्थितियों से सिर्फ फिल्म की पटकथा भर साबका होने का नुकसान सिद्धार्थ को इसीलिए बार बार उठाना पड़ रहा है।