फिल्म: पति पत्नी और वो
कलाकार: कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर, अनन्या पांडे, अपारशक्ति खुराना, सनी सिंह, कृति सेनन आदि।
निर्देशक: मुदस्सर अजीज
निर्माता: बी आर फिल्म्स और टी सीरीज
गुलजार के लिए फिल्म आंधी, बासु चटर्जी के लिए रजनीगंधा, छोटी सी बात जैसी फिल्में लिखने वाले साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता मशहूर लेखक कमलेश्वर ने कालजयी धारावाहिक महाभारत बनाने वाले निर्माता निर्देशक बी आर चोपड़ा के लिए 1978 में फिल्म पति पत्नी और वो लिखी। इस फिल्म के लिए अगले साल उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक का पुरस्कार भी मिला। कालजयी कहानियों पर कभी समय की धूल नहीं जमतीं। वह हमेशा सामयिक रहती हैं। पति पत्नी और वो को एक नई पृष्ठभूमि में, नए समय में और नए किरदारों के साथ बनाते समय इसके निर्देशक मुदस्सर अजीज ने कहानी की आत्मा के साथ खिलवाड़ नहीं किया, ये राहत की बात है। संवाद जरूर उन्होंने थोड़े तोड़े मरोड़े हैं लेकिन फिल्म मनोरंजक बनाने में कामयाब रहे हैं।