इत्तेफाक
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
तमाम इत्तेफाकों का ‘इत्तेफाक’
फिल्म ‘इत्तेफाक’ की रीमेक बनाने वाले अभय चोपड़ा के पिता रवि चोपड़ा फिल्म ‘इत्तेफाक’ में अपने चाचा यश चोपड़ा के सहायक थे। वैसे इस फिल्म में सहायक निर्देशकों की लंबी फेहरिस्त है, जिसमें रवि चोपड़ा के अलावा आर के सिब्बल, महेन वकील, वासुदेव धीर, अरविंद जोशी और रमेश तलवार के नाम शामिल हैं। महेन वकील बाद में यशराज फिल्म्स के पहले कर्मचारी भी बने। रवि चोपड़ा तो खैर यश चोपड़ा के सगे भतीजे ही थे और आगे चलकर वह भी नामी फिल्म निर्देशक बने। इस लिस्ट में एक नाम मशहूर लेखक सागर सरहदी के भतीजे का भी है। सागर सरहदी दोनों चोपड़ा भाइयों के काफी करीबी रहे। एबटाबाद, पाकिस्तान में जन्मे सागर सरहदी का असली नाम गंगा सागर तलवार है। यश चोपड़ा के लिए इन्होंने ‘कभी कभी’, ‘नूरी’, ‘चांदनी’, ‘सिलसिला’ और ‘फासले’ जैसी फिल्मों में लेखन का काम किया। रमेश तलवार उनके भतीजे हैं। रमेश तलवार ने यश चोपड़ा की बतौर निर्देशक पहली फिल्म ‘धूल का फूल’ में भी बतौर बाल कलाकार काम किया। रमेश तलवार की फिल्म ‘इत्तेफाक’ में बतौर सहायक निर्देशक एंट्री आखिरी मौके पर चोपड़ा कैंप के चर्चित अभिनेता मनमोहन कृष्ण के कहने पर हुई। रमेश तलवार ने एक इंटरव्यू में खुद माना कि फिल्म ‘इत्तेफाक’ में ज्यादा कुछ खास काम उनके हिस्से नहीं आया। लेकिन, इस दौरान यश चोपड़ा को रमेश तलवार के नाम का एक भरोसेमंद साथी मिला जिसने उनकी तमाम मुश्किलें आगे चलकर हल कीं। यश चोपड़ा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उन गिने चुने निर्देशकों में से हैं जिन्होंने न सिर्फ अपने सहायकों को पूर्णकालिक निर्देशक बनने के लिए प्रेरित किया, बल्कि उन्हें हर तरह की सहायता दी और उनकी फिल्में प्रोड्यूस भी कीं।