फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइस्कोप: 20 साल बाद भी कायम ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ का जादू, ऐन मौके पर इसलिए बदल गईं हीरोइनें

विज्ञापन
1 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : रोहित झा, अमर उजाला
गुजरात के नाडियाड से सन 55 में बंबई आए अब्दुल करीम नाडियाडवाला की अरबों की संपत्ति मुंबई के मलाड में रही है। उन्होंने दर्जनों फिल्में बनाईं और उनके नाम पर मुंबई के रास्ते भी बने। अब्दुल करीम नाडियाडवाला फिल्म इंडस्ट्री में ए के नाडियाडवाला के नाम से मशहूर रहे। उनके बेटे सुलेमान नाडियाडवाला के बेटे साजिद के बारे में मुंबई के पुराने लोग यही बताते हैं कि इसने बड़ी मेहनत से प्रोडक्शन का काम सीखा और फिर अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी खोली। साजिद के जे पी दत्ता की फिल्म गुलामी में भी असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने की बात सामने आती है, निर्देशक वह बहुत बाद में फिल्म ‘किक’ से बने।

गोविंदा से दोस्ती ने साजिद को फिल्म प्रोड्यूसर बनाया। अपनी दूसरी ही फिल्म ‘वक्त हमारा है’ में साजिद उस समय के दो बड़े सितारों अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी को साथ लाए। इसी फिल्म के सिलसिले में साजिद और सुनील शेट्टी कानपुर आए और इसी दौरान मेरी उनसे पहली मुलाकात हुई और लंबी बात हुई। इसके बाद उनके दफ्तर में, इंडियन फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल की बैठकों में और फिल्मों के सिलसिले में साजिद से तमाम मुलाकातें होती रहीं। साजिद के इशारों पर सितारे नाचने को तैयार रहते हैं, लेकिन खुद साजिद बहुत ही विनम्र, दूसरों का ख्याल रखने वाले और वादे के पक्के इंसान हैं।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
बतौर प्रोड्यूसर साजिद के करियर ने रफ्तार पकड़ी फिल्म ‘जीत’ से। सनी देओल और सलमान खान स्टारर ये फिल्म बनी छह करोड़ में और इसने कमाए बॉक्स ऑफिस पर 55 करोड़। अगली फिल्म साजिद ने जो बनाई उसमें सलमान खान का डबल रोल था। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ‘जुड़वा’ ने सलमान के करियर को भी उस वक्त संभाला, जब उनको इसकी सख्त जरूरत थी। और, इसके बाद बनी सलमान और साजिद की जोड़ी ने हैट्रिक मारी फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ के साथ। 5 अगस्त 2000 को रिलीज हुई इस फिल्म की रिलीज को 20 साल पूरे हो चुके हैं और आज भी ये नई पीढ़ी की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है। सलमान के चाहने वाले इसे बेशुमार प्यार करते हैं।

विज्ञापन

3 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
5 अगस्त को वैसे तो मैंने फिल्म ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की’ के बारे में लिखने की तैयारी की थी लेकिन फेसबुक के एक पोल में ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ ने बाजी मार ली। मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘दोस्त’ भी इसी तारीख को 1989 में रिलीज हुई। फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ के निर्देशक थे राज कंवर। दिल्ली में थिएटर से अपना करियर शुरू करने वाले राज कंवर ने बंबई आने के बाद राजकुमार संतोषी और शेखर कपूर के असिस्टेंट के तौर पर काम किया और जो पहली फिल्म बतौर निर्देशक बनाई, उसी से शाहरुख खान की भी लॉन्चिंग हिंदी सिनेमा में हुई। नाम तो आपको इस फिल्म का पता ही होगा, ‘दीवाना’।  फिल्म की हीरोइन थीं दिव्या भारती जो बाद में साजिद नाडियाडवाला की पत्नी बनीं।

बाइस्कोप: पढ़िए आज ही के दिन रिलीज हुई फिल्म ‘अभिमान’ के 10 दिलचस्प किस्से, जानिए क्या है ‘अमिया’?

4 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मलयालम की सुपरहिट फिल्म ‘चंद्रलेखा’ की रीमेक है। साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘चंद्रलेखा’ ने देश से ज्यादा विदेश में कमाई की और लंदन में रिलीज होकर तो ये यूके टॉप 10 में जा पहुंची थी। साजिद को वहीं से इस फिल्म का आइडिया आया। उन्होंने इसे हिंदी में रूपांतरित करने के काम पर लगाया रूमी जाफरी को। फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के बाद भाग्यश्री ने अपने पति हिमालय के साथ एक फिल्म की थी ‘पायल’। इसी फिल्म से रूमी जाफरी का करियर बतौर राइटर हिंदी फिल्मों में शुरू हुआ और साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘वक्त हमारा है’ को रूमी के करियर का टर्निंग प्वाइंट माना जाता है। ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ फिल्म का हिंदी में नाम भी शुरू में ‘चंद्रलेखा’ ही रखा गया था।

विज्ञापन

5 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ की कहानी दो सहेलियों की कहानी है जिसमें दोनों को एक ही नौजवान से प्यार हो जाता है। राज नाम का ये नवयुवक दरअसल गायक बनने की कोशिश कर रहा है। एक दिन उसे एक रईस परिवार की बेटी नाजुक हालत में मिलती है और वह उसे अस्पताल पहुंचा देता है। घरवालों को लगता है कि ये वही लड़का जिसके साथ उनकी बेटी ने भागने की योजना बनाई थी। घर के मालिक बीमार हैं। दिल का दौरा उनको किसी भी वक्त पड़ सकता है तो झूठ होकर भी ये नकली सच भलाई का काम करता है। लेकिन हालात तब बिगड़ते हैं जब इस लड़की की सहेली को इस लड़के से प्यार हो जाता है और जब पहले वाली लड़की होश में आती है तो उसे इस सच्चे इंसान की सेवा देख इससे प्यार हो जाता है। इसके बाद लंबा इमोशनल ड्रामा है। थोड़ा सा सस्पेंस है। खूब सारे मस्ती भरे गाने हैं। और, क्लाइमेक्स में शाहरुख खान भी हैं।

फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ में मुंबई में गायक बनने आए इस नौजवान का रोल किया है सलमान खान ने। ट्रेन के सामने पटरी पर मिली लड़की है रानी मुखर्जी और उनकी सहेली का रोल किया प्रीति जिंटा ने। लेकिन, फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ की ये कास्टिंग इतनी आसान भी नहीं रही। साजिद नाडियाडवाला ने पहले पहल जब ये फिल्म अनाउंस की तो इसे प्रियदर्शन निर्देशित करने जा रहे थे। उस समय फिल्म के हीरो थे अनिल कपूर। रईस घर की बेटी के रोल में थी महिमा चौधरी और उनकी सहेली का रोल करने जा रही थीं तब्बू।

बाइस्कोप: शाहरुख और काजोल की इस फिल्म में सबसे पहले बननी थी जोड़ी, फिर ऐसे लगा नंबर रवीना टंडन का
विज्ञापन

6 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
पहले इस फिल्म से प्रियदर्शन आउट हुए। फिर फिल्म का नाम बदल गया। प्रियदर्शन गए तो फिल्म से तब्बू भी चली गईं। उनकी जगह फिर करिश्मा कपूर को साइन किया गया लेकिन उनको भी मामला जमता नहीं दिखा तो वह भी चली गईं फिर इस रोल के लिए प्रीति जिंटा का चयन हुआ। जब तक फिल्म की शूटिंग शुरू होती, महिमा चौधरी भी तमाम दूसरे कामों में बिजी हो चुकी थीं तो उनकी जगह रानी मुखर्जी को ले लिया गया। वैसे कहा ये भी जाता है कि फिल्म में रानी की एंट्री अनिल कपूर की जगह आए सलमान खान के चलते हुई। सलमान खान और रानी मुखर्जी की जोड़ी जमती भी इस फिल्म में खूब है। वैसे अगर आपको पाकिस्तानी टीवी सीरियल देखने का शौक है तो ये फिल्म कुछ कुछ वहां के धारावाहिक ‘तुमसे कहना था' से भी मिलती जुलती दिखती है।

इस कलाकार की ना ने दिलाया राजकुमार को ‘वक्त’ में फिल्मफेयर अवॉर्ड, इसलिए हो गई शंकर जयकिशन की छुट्टी
विज्ञापन

7 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म में सलमान तो अपने फुल मूड में दिखे ही, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा ने भी कमाल का काम किया। दोनों की सलमान के साथ अलग अलग और दोनों की आपस में ट्यूनिंग कमाल की रही। फिल्म बहुत ही कलरफुल थी और इसके कॉस्ट्यूम देखकर आपको बच्चों के मेलों में दिखने वाले रंग याद आ सकते हैं। सलमान खान पर फिल्माया गया गाना ‘ऐसा पहली बार हुआ है 17-18 सालों में’ उस सीजन का सुपरहिट गीत था। इसके अलावा फिल्म का टाइटल गीत और गायिका बहनों प्रीति व पिंकी का गाया गाना ‘पिया पिया ओ पिया पिया’ भी सुपरहिट रहे।

बाइस्कोप: जब राज कपूर को बेटे पर आया था जबर्दस्त गुस्सा, ये दो असिस्टेंट बने नामी फिल्म डायरेक्टर
विज्ञापन

8 of 8
हर दिल जो प्यार करेगा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ट्रेड की उस वक्त की गणनाओं में कहा गया था कि इस फिल्म के कुल 22 लाख सीडी और कैसेट्स बिके थे। फिल्म के सारे गाने लिखे थे समीर ने और संगीत था अनु मलिक का। फिल्म को संजय वर्मा के संपादन ने शुरू से आखिर तक काफी चुस्त रखा और डब्लू बी राव की सिनेमैटोग्राफी ने हिंदी सिनेमा में उन दिनों चल रहे खुशनुमा सिनेमा का एक नया रंग रचने में कामयाबी पाई। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

बाइस्कोप: ‘मदर इंडिया’ के बाद इस फिल्म में मिले राजेंद्र कुमार और सुनील दत्त, माधुरी ने निभाया वादा

(बाइस्कोप अमर उजाला डिजिटल का दैनिक कॉलम है जिसमें हम उस दिन रिलीज हुई किसी पुरानी फिल्म के बारे में चर्चा करते हैं।)
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें