चक दे इंडिया
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
चक दे गर्ल्स
फिल्म 'चक दे इंडिया' के लिए जिन 16 अभिनेत्रियों का चयन किया गया वे सब सामूहिक रूप से 'चक दे गर्ल्स' के नाम से मशहूर रही हैं और अब भी इन्हें इसी नाम से पुकारा जाता है। इसी साल मार्च के महीने में इनमें से कुछ अभिनेत्रियां करिश्मा कपूर की पहली वेब सीरीज 'मेंटलहुड' की स्क्रीनिंग पर दिखी तो लोगों में इतने साल बाद भी इनके साथ सेल्फी खिंचाने का दिलचस्प क्रेज दिखा। फिल्म में जो 16 अभिनेत्रियां परदे पर खिलाड़ियों के तौर पर दिखाई दीं, उनमें शामिल हैं, विद्या मालवडे, अनाइता नायर, तान्या अबरोल, शिल्पा शुक्ला, आर्या मेनन, शुभी मेहता, चित्रांशी रावत, किमी लालडावला, मैसोचॉन जिमिक, सैंडिया फुरटाडो, निकोला सिक्वेरा, सागरिका घाटगे, किंम्बरली मिरांडा, सीमा आजमी, रेनिया मैस्करहनस और निशा नायर। इनमें से चित्रांशी, सैंडिया और रेनिया का चयन तो सिर्फ इसीलिए हुआ कि वे हॉकी बढ़िया खेल लेती थीं। स्क्रीन अवार्ड्स में इन सारी लड़कियों को चक दे गर्ल्स के तौर पर मंच पर बुलाया गया और सबको सामूहिक रूप से बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेसेस का पुरस्कार दिया गया। फिल्म में दिखाया गया है कि सागरिका घाटगे के किरदार का एक क्रिकेटर के साथ अफेयर चल रहा है और निजी जिंदगी में सागरिका ने क्रिकेटर जहीर खान से ही शादी की है।
कांदिवली से चर्चगेट, चार महीने रोजाना
फिल्म 'चक दे इंडिया' के लिए सेलेक्ट हो जाने के बाद इन सारी लड़कियों को एक साथ रखा गया और वहां से रोजाना सुबह चार बजे उठकर इन लोगों को चर्चगेट रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टेडियम में प्रैक्टिस करने जाना होता था। ये सिलसिला लगातार चार महीने चला। हर रोज दिन भर ट्रेनिंग होती। स्क्रिप्ट रीडिंग होती और इन लोगों को देर शाम ही फुर्सत मिल पाती थी। इस ट्रेनिंग के दौरान नेगी और कौशिक ने भी खूब मेहनत की। नेगी ने तो फिल्म की तैयारियों के लिए दिन रात एक कर दिया। फिल्म रिलीज होने के बाद सबसे ज्यादा शोहरत भी उन्हीं के हिस्से में आई, हालांकि मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग में तैनाती के दौरान बाद में उन पर संगीन आरोप भी लगे। फिल्म के बड़े हिस्से की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में हुई और वहां भारतीय खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए करीब 50 महिला हॉकी खिलाड़ी और जुटाए गए। शूटिंग के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहने के लिए करीब हजार लोगों की भीड़ भी किराए पर बुलाई गई थी।