बचपन से ही हमने स्कूल की किताबों में और दादी-नानी की कहानियों में बड़े-बड़े नुकीले दांतो वाले और विशालकाय जीवों के बारे में सुना है। उन जीवों को साइंस की भाषा में डायनासोर कहा जाता है। हम लोगों के बचपन का यह जानवर कहानियों और किताबों से निकलकर कब बड़े पर्दे पर आ गया किसी को पता नहीं चला। लेकिन इससे फायदा यह हुआ कि आज बच्चों के पास डायनासोर्स की अलग-अलग तरह की प्रजातियों को समझने के लिए ऐसी कई फिल्में हैं, जिन्हें देख उन्हें उन कहानियों पर विश्वास जरूर होगा। जी हां, हॉलीवुड हमारे सामने कई बार ऐसी फिल्में पेश करता है, जो शायद बॉलीवुड कभी न कर पाता। कम से कम अभी तो उसे वहां तक पहुंचने में बहुत समय लगेगा। ऐसी ही एक साइंस फिक्शन फिल्म 'जुरासिक पार्क' है, जिसे हॉलीवुड इंडस्ट्री ने साल 1993 में रिलीज की थी। इस फिल्म ने दुनिया को डायनासोर की भव्यता से परिचित कराया था। 'जुरासिक पार्क' फ्रैंचाइजी की फिल्में हमारी यादों के एक बड़े हिस्से के लिए जिम्मेदार हैं, जो इन विशाल प्रीहिस्टोरिक डायनासोर्स को शानदार तरीके से हमारे सामने पेश करती हैं। इन फिल्मों को दर्शकों से मिले प्यार के कारण यह फ्रैंचाइजी आज भी हमारे बीच जीवित है। इसकी छठी और कथित रूप से अंतिम फिल्म 'जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन', इस शुक्रवार यानी 10 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म से पहले आज हम आपको इसके पिछले पार्ट्स की कहानी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आपके दिलों-दिमाग में इसकी सारी यादें ताजा हो जाएंगी।