मार्वेल स्टूडियोज की पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' से पहले तक दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'अवतार' के सीक्वल का काम फिर से शुरू हो गया है। न्यूजीलैंड में कोरोना वायरस से बिगड़ी स्थितियां अब धीरे धीरे सामान्य हो चली हैं। इसलिए, इस फिल्म में काम करने वाले सभी कलाकार और कर्मचारी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो रहे हैं। इस खबर की जानकारी बीते बृहस्पतिवार को खुद फिल्म के निर्माता जॉन लैंडाउ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करके दी है।
फिल्म के निर्माता जॉन लैंडाउ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सेट का एक फोटो साझा करते हुए लिखा, 'हमारी फिल्म 'अवतार' के सीक्वल का सेट तैयार है। अब हम अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो रहे हैं और इस यात्रा का हम बिल्कुल भी इंतजार नहीं कर सकते।' फोटो में नजर आ रहीं दो पनडुब्बियों के बारे में बताते हुए उन्होंने लिखा, 'देखिए इन पनडुब्बियों को। इनमें से एक तेज रफ्तार वाली पनडुब्बी है जबकि दूसरी है पिकाडोर जेटबोट।' इन पनडुब्बियों का इस्तेमाल फिल्म की शूटिंग में होने वाला है।