मार्वल स्टूडियो की फिल्म ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ काफी समय से चर्चा में है। यह फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ को लेकर आए दिन नई-नई थ्योरी भी सुनने को मिलती रही है। इन सबके बीच खबर है कि डायरेक्टर जो रूसो जल्द ही इस फिल्म का एशिया में प्रमोशन शुरू करने वाले हैं।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो डायरेक्टर ने फिल्म के प्रमोशन के लिए एशिया में सबसे पहले भारत को चुना है। पता हो कि बीते कुछ सालों से भारत में मार्वल स्टूडियो की फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह बढ़ा है। यही वजह है कि पिछले साल आई फिल्म 'अवेंजर्स: इंफिनिटी वॉर' ने भारत में अच्छी-खासी कमाई की थी। दर्शकों के बीच फिल्म के उत्साह को देखते हुए ही जो रूसो ने भारत को सबसे पहले चुना है।
Avengers
- फोटो : file photo
वह अप्रैल में ‘अवेंजर्स: एंडगेम’ का प्रमोशन करने भारत आएंगे। इस दौरान वह फिल्म के फैंस से भी मुखातिब हो सकते हैं। वहीं भारत को प्रमोशन के लिए चुने जाने पर जो रूसो ने कहा- 'मैं अवेंजर्स इनफिनिटी वॉर को लेकर भारतीयों की दीवानगी से रोमांचित हूं। इस वजह से अवेंजर्स: एंडगेम को लेकर दर्शकों के इंतजार को बयां करना मुश्किल है। मैं भारत आने और फैंस से मिलने के लिए उत्साहित हूं।'
गौरतलब है कि मार्वेल की अगली फिल्म 'अवेंजर्स-एंडगेम' की कहानी वहां से शुरू होगी, जहां एवेंजर्स इंफिनिटी वॉर में थानोस की तबाही मचाता है। बीते दिनों फिल्म का दूसरा टीजर रिलीज हुआ है। टीजर को देखकर कहा जा सकता है कि सभी सुपरहीरो थानोस का खात्मा करने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। 30 सेकेंड का टीजर दर्शकों के दिलों को जीत लेगा।
इस टीजर में कैप्टन अमेरिका, थोर, रॉकेट, ब्लैक विडो, एंट-मैन और हॉकआई जैसे कई सुपरहीरो नजर आ रहे हैं। एंथनी और जो रूसो निर्देशित 'अवेंजर्स : एंडगेम' में रॉबर्ट डॉनी जूनियर, क्रिस हेम्सवर्थ, क्रिस इवांस और स्कारलेट जोहान्सन जैसे कलाकार हैं। भारत में यह 26 अप्रैल को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी।