कभी जान्हवी ने उड़ाया था मजाक
कुछ वक्त पहले अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने सारा अली खान के साथ 'कॉफी विद करण' में शिरकत की थी। इस दौरान जान्हवी ने कहा था कि उन्हें हिमेश के फीड पर जाना और बैकग्राउंड में 'तंदूरी नाइट्स' के साथ उन्हें वर्कआउट करते देखना अच्छा लगता है। उन्होंने उनकी नकल भी की थी। जान्हवी ने हंसते हुए कहा था, 'यह दुनिया की सबसे अच्छी चीज है। मुझे यह पसंद है'।
अक्षय कुमार की सलाह का किया जिक्र
जान्हवी की इस बात पर हिमेश रेशमिया ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पिंकविला के साथ इंटरव्यू में कहा, 'हां, मुझे पता है। यह बहुत अच्छी बात है। इतने साल हो गए हैं, लेकिन 'तंदूरी नाइट्स' की पसंद बनी हुई है। हमारे पास लाखों व्यूज हैं। 'तंदूरी' शब्द मेरे लिए बहुत भाग्यशाली है'। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि अपनी आलोचनाओं से कैसे निपटते हैं। हिमेश ने अक्षय कुमार से मिली सलाह का जिक्र किया।
'बहुत पहले छोड़ देता काम करना'
हिमेश रेशमिया ने कहा, 'अगर मुझ पर लोगों की बातों का असर पड़ा होता तो मैं बहुत पहले ही यहां काम करना बंद कर देता। अगर मुझे खुद पर जरा भी शक होता, तो मैं यहां नहीं होता। आपको वही करना चाहिए जो आप कर सकते हैं। भगवान से प्रार्थना करें और अपने रास्ते में आने वाले प्यार को स्वीकार करें'। उन्होंने आगे कहा, 'अक्षय कुमार हमेशा कहते हैं कि हमारे पास ये सभी फॉर्मूले हैं, किसी और की बात सुनो और फिर उसमें सुधार करो। अगर उनके पास एक निश्चित नजरिया है, तो उस पर काम करों और साबित करो।
'नजरिए का फर्क है'
हिमेश ने आगे कहा, 'आज मैंने 'बैडएस रवि कुमार' के साथ अपनी मेहनत का फल देखा है। मुझे जो 6 दिखता है, आपको 9 दिखता है, यह नजरिए का फर्क है। किसी की आलोचना का बुरा नहीं मानना चाहिए। जब 'आशिक बनाया' आया, तो बहुत ट्रोलिंग हुई, लेकिन वही लोग क्लबों में नाच रहे थे'।