निर्देशक श्रीराम राघवन उन चुनिंदा हिंदी फिल्म निर्देशकों में हैं जिनकी फिल्मों को दर्शक सिर्फ उनके नाम से देखने जाते हैं। फिल्म में कौन हीरो है, कौन हीरोइन है, विलेन है कि नहीं है, ये सब दर्शक उसके बाद सोचते हैं। श्रीराम की नई फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ सिनेमाघरों मे रिलीज हो चुकी है। बिना इसके नतीजों का इंतजार किए वह अपनी अगली फिल्म ‘इक्कीस’ की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। उनके खास प्रशंसकों में से भी कम को ही पता होगा कि फिल्म निर्देशक बनने से पहले श्रीराम फिल्म पत्रकार भी रह चुके हैं और इस दौरान राजेश खन्ना का इंटरव्यू एक फिल्म के सेट पर करने का मौका जिस वजह से उन्होंने गंवाया, वह बहुत ही दिलचस्प भी है और प्रेरक भी।