फिल्म ‘बंदर’ में बॉबी देओल ने पहली बार डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ काम किया है। अनुराग के साथ काम करने का उनका अनुभव कैसा रहा? बाॅबी अगर एक्टर नहीं होते तो क्या होते? और विलन बनकर बॉबी को कितना मजा आ रहा है? इन सभी सवालों के जवाब उन्होंने इस इंटरव्यू में दिए।
यहां देखें पूरा वीडियो
‘बंदर’ जैसी फिल्म को करने की क्या वजह थी?
यही तो मैं चाहता था अपनी जिंदगी में। ऐसे किरदार निभाऊं कि लोग मुझ पर यकीन कर सकें कि मैं हर तरह का काम कर सकता हूं। निखिल के पास एक सब्जेक्ट था और वो मुझे मेहनत करते हुए देख रहे थे, तो उन्हें मुझ पर यकीन हो गया। बतौर एक्टर अब पब्लिक भी मुझ पर भरोसा करती हूं। लकी हूं जो यह रोल करने को मिला।
फिल्म के सेट पर आपका पहला दिन कैसा था?
मेरा पहला दिन था जब शूटिंग का तो मैं पूरी रात सोया नहीं। घबराया हुआ था कि मैं कल सेट पर क्या करूंगा? सोच रहा था कि मैंने ‘एनिमल’ में ऐसा क्या ही किया है जो लोगों ने मुझे ऐसा किरदार करने को दे दिया है। मैंने उसी वक्त रात को चार बजे ‘एनिमल’ देखी और सच पूछिए मुझे अब तक नहीं पता कि मैंने उस फिल्म में ऐसा क्या किया है?
अगले दिन जब सेट पर पहुंचा तो अनुराग कश्यप के साथ काम करके बड़ा मजा आया। अनुराग का तरीका अलग है। वो आपको कम्फर्टेबल बनाते हैं। उन्हें पता है अपने एक्टर से कैसे काम निकलवाया जाता है। उस सेट पर मैं हर दिन कुछ नया सीख रहा था।
कब लगा कि आप विलन भी बन सकत हैं?
ये तो मुझे आप लोगों की वजह से लगा। आप लोगों ने जो इतना प्यार दिया और मुझे कुबूल किया विलन की तरह।
आपको अपनी सबसे अच्छी फिल्म कौन सी लगती है?
मुझे अपनी सबसे प्यारी फिल्म ‘दिल्लगी’ लगती है। उस फिल्म से मेरे भैया (सनी देओल) ने पहली बार डायरेक्शन किया था। आमतौर पर डायरेक्टर एक्टर से मिलते हैं और उसे धीरे-धीरे पहचानते हैं लेकिन भैया के सामने तो मैं बड़ा हुआ हूं तो वो मेरी परफॉर्मेंस की सच्चाई जानते थे। मुझे लगता है कि मेरा सबसे बेस्ट काम उसी फिल्म में था।
आपने थलापति विजय के साथ 'जन नायकन' भी की। वो कब रिलीज हाेगी?
यह फिल्म चुनाव से पहले विजय की आखिरी फिल्म होने वाली थी, लेकिन समझ नहीं आया कि कैसे इसकी रिलीज में देरी हो गई? फिर यह लीक भी हो गई, जिसका हम सभी को बहुत दुख हुआ। अब हो सकता है कि यह अगले महीने विजय के जन्मदिन पर रिलीज हो जाए।
विजय के साथ आपकी बॉन्डिंग कैसी रही?
मैं उनको इतनी अच्छी तरह से जानता नहीं। सेट पर बहुत कम बात होती थी। वो बहुत चप रहते हैं पर मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने वो हासिल किया, जो वो चाह रहे थे। जिस तरह वो चुनाव में जीते हैं, यह अपने आपमें बहुत बड़ी उपलब्धि है।
पब्लिक से इतना प्यार मिल रहा है क्या कहना चाहेंगे?
‘एनिमल’ जब लगी तो कभी नहीं सोचा था कि इतना प्यार मिलेगा। कभी कभी लगता है कि यह सब पापा की वजह से हुआ है। वो पहले से ही दर्शकों का इतना दिल जीत चुके थे तो हम सभी के लिए दर्शकों से जुड़ना आसान हो गया।
बॉबी अगर एक्टर नहीं होते तो क्या होते?
कास्टिंग एजेंट और प्रोड्यूसर्स के दरवाजे खटखटा रहा होता कि मुझे काम दे दो क्योंकि मैंने एक्टर बनने के अलावा कुछ और सोचा ही नहीं। जब मैं छोटा था तो मैं गोल-मटोल था। जो भी घर आता था तो मेरे गाल खींचकर बस इतना ही कहता था कि तू तो हीरो बनेगा। तो कभी किसी और प्रोफेशन के बारे में सोचा ही नहीं।