बाबिल खान
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
ये विवाद भी खूब चर्चा में रहे
इस साल कुछ बड़ी कंट्रोवर्सी और विवादों के अलावा कई और मामले भी चर्चा में रहे। इसमें भी कई बड़े नाम शामिल रहे। जानिए, साल भर हुई कुछ चर्चित कंट्रोवर्सी के बारे में भी-
बाबिल खान ने ऑनलाइन कई एक्टर्स पर लगाए आरोप: इसी साल मई महीने में एक्टर बाबिल खान का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह रोते हुए दिखे। इस वीडियो में उन्होंने अनन्या पांडे से लेकर कई यंग एक्टर्स पर फेक होने के आरोप लगाए। बाद में बाबिल खान की मां ने एक बयान जारी कर बताया कि एक्टर मुश्किल दौर से जूझ रहा है। इस वीडियो के महीनों बाद बाबिल सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए और बताया कि वह डिप्रेशन की प्रॉब्लम का सामना कर रहे हैं।
अनुराग कश्यप का विवादित बयान : अनुराग कश्यप अक्सर ही विवादों का हिस्सा बन जाते हैं। इस साल भी अप्रैल महीने में वह अपनी एक विवादित टिप्पणी के कारण मुश्किल में फंस गए। दरअसल, जब फिल्म ‘फुले’ की रिलीज पर रोक लगी तो अनुराग नाराज नजर हो गए। इसके लिए उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए नाराजगी भी जताई थी। इसी बीच उन्होंने एक जाति विशेष को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी की। इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के एक वकील ने अनुराग कश्यप के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। आगे चलकर अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर माफी मांगी।
अभिनव कश्यप ने लगाए सलमान पर आरोप: अनुराग कश्यप के भाई और डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने भी सितंबर महीने में सलमान खान पर निशाना था। सलमान को ‘दबंग’ में डायरेक्ट करने वाले इस डायरेक्टर ने भाईजान को लेकर अभद्र बातें की, उन्हें मवाली और छिछोरा तक कहा। यहां तक की शाहरुख और आमिर खान को भी अभिनव कश्यप ने निशाने पर लिया। अभिनव की टिप्पणियों पर सलमान खान ने ‘बिग बॉस 19’ में इशारों-इशारों में जवाब दिया।
ताज स्टोरी की रिलीज पर विवाद: परेश रावल की फिल्म ‘द ताज स्टोरी’ को लेकर भी सितंबर महीने में विवाद शुरू हुआ। इस फिल्म पर रोक की मांग की गई। कोर्ट में याचिका दायर की गई। फिल्म पर ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगाया गया। फिल्म के खिलाफ दायर याचिका में कहा गया था कि यह फिल्म एक ऐसी थ्योरी को फिर से जिंदा कर रही है, जिसमें कथित तौर पर कहा गया है कि ताजमहल असल में एक हिंदू मंदिर था। जबकि इस दावे को कई जाने-माने इतिहासकारों और विद्वानों ने खारिज कर दिया है। बाद में कोर्ट ने ‘द ताज स्टोरी’ पर रोक लगाने से इंकार कर दिया, यह फिल्म रिलीज हुई लेकिन बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई।
जया बच्चन और पैपराजी के बीच विवाद: दिसंबर महीने की शुरुआत में जया बच्चन ने पैपराजी के पहनावे को लेकर एक इंटरव्यू में टिप्पणी की। उनके बारे में कहा, ‘ये जो लोग टाइट, गंदे कपड़े पहने हुए और हाथ में मोबाइल फोन लिए हुए रहते हैं। उन्हें लगता है कि सिर्फ मोबाइल होने की वजह से वे आपकी तस्वीर ले सकते हैं और जो चाहें कह सकते हैं।’ जया बच्चन ने पैपराजी के बैकग्राउंड पर भी सवाल किए। इस बात से पैपराजी नाराज हुए और उन्होंने जया बच्चन के बायकॉट की घोषणा की।