हाउसफुल 4 के पोस्टर्स
- फोटो : सोशल मीडिया
अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 4 इस साल दिवाली पर रिलीज हुई। विदेशी वितरण कंपनी फॉक्स स्टार की भारतीय शाखा ने इसे दुनिया भर में रिलीज किया। इस कंपनी के प्रतिनिधि हिमांशु मिस्त्री के मुताबिक फिल्म ने रविवार तक 175 करोड़ 58 लाख रुपये का कुल कलेक्शन किया। फिल्म कारोबार में किसी फिल्म की कमाई के लिए ग्रॉस (कुल) और नेट (अंतिम) कमाई के आंकड़े जारी किए जाते हैं। कुल कमाई वह आंकड़े होते हैं जितनी कि टिकटें सिनेमाघरों में बिकती हैं। फिर इसमें से थिएटर में फिल्म दिखाने का खर्चा, इसके प्रचार प्रसार में हुआ खर्चा और तमाम टैक्स घटाकर अंतिम कमाई का आंकलन किया जाता है।
फिल्म हाउसफुल 4 के शुरूआती आंकड़े आते ही सबसे पहले फिल्म निर्माता रॉनी स्क्रूवाला ने इस मामले पर अपनी राय रखी। 29 अक्टूबर को एक ट्वीट करके रॉनी ने फिल्म कारोबार के आंकड़ों में सटीक जानकारी की वकालत की और फिल्म कारोबार के आंकड़े जारी करने वाले दो ट्रेड विशेषज्ञों को टैग करते हुए लिखा कि ये समय की जरूरत है और आंकड़ों को बढ़ाचढ़ाकर निर्माताओं के अहं को संतुष्ट करने की परंपरा बंद होनी चाहिए। रॉनी ने एक दूसरी ट्वीट करके ये भी स्पष्ट किया कि ये बात वह किसी फिल्म विशेष के लिए नहीं लिख रहे हैं।