फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vikram Vedha: ‘पुष्पा पार्ट 1’ ने बिगाड़ा रीमेक फिल्मों का गणित, दूसरे शेड्यूल के बाद भी ‘विक्रम वेधा’ में लोगों की दिलचस्पी नहीं

Thu, 30 Dec 2021 02:51 PM IST
वर्तिका तोलानी अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 6
पुष्पा और विक्रम वेधा - फोटो : सोशल मीडिया

तमिल और तेलुगू फिल्मों के मूल फिल्मों की रिलीज के साथ ही इनके हिंदी संस्करण भी हिंदी भाषी प्रदेशों में रिलीज होने की परंपरा जोर पकड़ रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में दक्षिण भारतीय फिल्मों की हिंदी रीमेक करने की परिपाटी पर असर पड़ने वाला है। अब तकरीबन हर दक्षिण भारतीय फिल्म अपनी रिलीज के दिन ही हिंदी में भी उपलब्ध होने वाली है और ऐसे में तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों की हिंदी रीमेक पर आश्रित रहने वाले मुंबई के फिल्म निर्माताओं के लिए दिक्कत हो सकती है। आर माधवन और विजय सेतुपति की ब्लॉकबस्टर तमिल फिल्म ‘विक्रमवेधा’ की हिंदी रीमेक भी इसी के चलते ज्यादा गर्मी पैदा नहीं कर पा रही है। फिल्म में हालांकि ऋतिक रोशन अरसे बाद निगेटिव किरदार में दिखने वाले हैं लेकिन हिंदी भाषी वे तमाम दर्शक जो फिल्मों के शौकीन है, इसकी मूल फिल्म पहले ही देख चुके हैं।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 6
विक्रम वेधा - फोटो : Social Media
रिलायंस एंटरटेनमेंट की सहयोगी कंपनी वाई नॉट स्टूडियोज की तमिल फिल्म ‘विक्रमवेधा’ की हिंदी रीमेक की ताजगी कब की खत्म हो चुकी है। अब ये फिल्म सिर्फ इस जिद पर बनती दिख रही है कि इसे हिंदी में बनाना ही है। फिल्म के मूल संस्करण में विजय सेतुपति का किया किरदार शाहरुख खान, आमिर खान से होता हुआ ऋतिक रोशन तक पहुंचा है। ऋतिक अपने करियर में फिल्म ‘अग्निपथ’ के बाद से एक निगेटिव किरदार की तलाश में रहे हैं। ये तलाश उनकी फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ की रीमेक में पूरी होती दिख रही थी लेकिन, फिल्म के अधिकारों को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए ऋतिक ने ये फिल्म करने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन

3 of 6
Hritik Roshan - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘वॉर’ के बाद ऋतिक रोशन ने लंबा समय नई कहानियों और पटकथाओं को सुनने में लगाया है। उनकी अपनी होम प्रोडक्शन सुपरहीरो सीरीज ‘कृष’ की अगली कड़ी के भी फिलहाल शुरू होने के आसार नहीं दिख रहे। आमिर खान जब ‘विक्रम वेधा’ के रीमेक में विलेन बनने वाले थे तो इसके हीरो के तौर पर ऋतिक से बात चली थी। तब भी ऋतिक को आमिर वाला किरदार ही पसंद आया था लिहाजा आमिर के ना करते ही ऋतिक को ये किरदार मिल गया। इस पूरी प्रक्रिया में ही इसके हिंदी रीमेक के चार साल निकल गए। फिल्म ‘विक्रम वेधा’ को तमिल में रिलीज हुए पिछली जुलाई में पांच साल पूरे हो चुके हैं। इस दौरान ये फिल्म हिंदी फिल्मे देखने वाले अधिकतर लोग इसके डब संस्करण में देख चुके हैं।

4 of 6
जर्सी और विक्रम वेधा - फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘विक्रम वेधा’ के हिंदी डब संस्करण की उपलब्धता और इसमें विजय सेतुपति के शानदार अभिनय से प्रभावित हिंदी फिल्म दर्शकों के बीच ‘विक्रम वेधा’ की हिंदी रीमेक को लेकर खास उत्साह नहीं दिख रहा है। नई फिल्मों पर नजर रखने वाली कम से कम दो एजेंसियों के मुताबिक फिल्म ‘जर्सी’ की तरह ही ‘विक्रम वेधा’ का हिंदी रीमेक भी सोशल मीडिया पर ट्रैक नहीं हो पा रहा है। शाहिद कपूर की फिल्म ‘जर्सी’ भी इसी नाम की एक तेलुगू फिल्म की रीमेक है और इन दिनों सोनी लिव ओटीटी पर खूब देखी जा रही है। फिल्म का हिंदी संस्करण यूट्यूब के गोल्डमाइन्स फिल्म्स चैनल पर भी उपलब्ध है।
विज्ञापन

5 of 6
Vijay Sethupathi - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हिंदी फिल्म बाजार में दक्षिण भारतीय फिल्मों को इनके मूल संस्करण के साथ ही हिंदी में रिलीज करने का जो बड़ा करिश्मा फिल्म वितरक अनिल थडानी ने ‘बाहुबली’ सीरीज के साथ किया, वह अब अपना रंग दिखाने लगा है। ‘केजीएफ 1’ की हिंदी पट्टी में शानदार कामयाब के बाद अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ ने भी हिंदी पट्टी में शानदार कारोबार किया है। ये फिल्म अपने हिंदी डब संस्करण के साथ अब तक करीब 46 करोड़ रुपये कमा चुकी है और इसकी रफ्तार अभी थमी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
Saif Ali khan - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ऐसे में फिल्म ‘विक्रम वेधा’ के लखनऊ शेड्यूल की शूटिंग पूरी होने की तरफ सोशल मीडिया में किसी का ध्यान ही नहीं है। सैफ अली खान फिल्म के हिंदी रीमेक में पुलिस अफसर बने हैं। उनके 19 दिन का लखनऊ शेड्यूल पूरा होने की जानकारी फिल्म निर्माता कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट ने जारी की है। लेकिन, सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह की भारी कमी अभी से दिख रही है। फिल्म अगले साल सितंबर में रिलीज होनी है और तब तक रिलायंस एंटरटेनमेंट की टीम इसमें क्या करिश्मा दिखा पाएगी, उसी पर फिल्म की सफलता निर्भर है। अपनी मेगा बजट फिल्म ‘83’ की मार्केटिंग में तो रिलायंस एंटरटेनमेंट पूरी तरह फेल रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें