देशभर में इन दिनों शादियों की धूम धाम देखने को मिल रही है। वहीं बॉलीवुड भी शादी के इस सीजन के रंग में रंगा नजर आ रहा है। मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां इस साल शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। तो वहीं कुछ कपल्स ऐसे भी हैं जो जल्द ही एक दूसरे के साथ सात फेरे लेंगे। इन्हीं जोड़ियों में से एक है बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल और कटरीना कैफ। इस कपल की शादी की तैयारियां जोरों- शोरों से की जा रही है। जानकारी के मुताबिक विक्की और कटरीना 9 दिसंबर को एक- दूसरे से शादी करेंगे। ऐसे में शादी में अब कुछ ही दिन बाकी रह गई हैं।
शादी की तैयारियों को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। वहीं, शादी के लिए अपना वेन्यू चुनने के लिए इस कपल ने किसी विदेशी धरती की बजाए चौथ माता के आशीर्वाद के साथ अपना नया जीवन शुरू करने का फैसला किया है। इसी क्रम में कटरीना कैफ और विक्की कौशल सवाई माधोपुर जिले में स्थित बरवाड़ा में सात फेरे लेंगे।