हिंदी और मराठी सिनेमा के अभिनेता, निर्देशक और पटकथा लेखक अनंत महादेवन की फिल्म 'माई घाट: क्राइम नंबर 103/2005' को इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल के लिए चुना गया है। यह फिल्म फेस्टिवल हर साल मई में आयोजित किया जाता है लेकिन कोरोना वायरस की वजह से हुए विश्वव्यापी लॉकडाउन के बाद इस फेस्टिवल को स्थगित कर दिया गया था। अब इस फेस्टिवल के आयोजक इसका आयोजन ऑनलाइन करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत सोमवार से हो रही है।
कान्स फिल्म फेस्टिवल के लिए हर साल कई भारतीय फिल्मों का चुनाव किया जाता है। इस बार भारतीय फिल्मों का नेतृत्व अनंत नारायण महादेवन की मराठी फिल्म 'माई घाट: क्राइम नंबर 103/2005' कर रही है जिसका प्रदर्शन 25 जून यानी गुरुवार को किया जाएगा। यह फिल्म प्रभावती अम्मा की अपने बेटे उदय कुमार के न्याय के लिए लड़ी गई लड़ाई पर आधारित है, जिसमें उनके बेटे को वर्ष 2005 में तिरुवंतपुरम फोर्ट पुलिस स्टेशन में टॉर्चर करने के बाद मार दिया गया था। इसके बाद इस केस में स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने दो पुलिसकर्मियों को सजा-ए-मौत दी थी।