बॉलीवुड की रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। उर्मिला ने शानदार कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा नरसिम्हा, चमत्कार, रंगीला, शिकार, जुदाई, दौड़, कुंवारा, दीवाने, एक हसीना थी आदि फिल्मों में अपने अभिनय का जादू दिखाया। खूबसूरती, डांस और अभिनय के साथ-साथ उर्मिला अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब चर्चा में रहती हैं। आज जन्मदिन पर जानते हैं, उनकी जिंदगी और फिल्मी सफर से जुड़ीं दिलचस्प बातें। बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर का जन्म 4 फरवरी 1974 को हुआ था। उर्मिला मतोंडकर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म 'चमत्कार' से की थी। वहीं, साल 1995 में आई फिल्म 'रंगीला' ने उर्मिला को रातों-रात हिट कर दिया। फिल्म का मशहूर गाना 'याई रे, याई रे..गाना' काफी पॉपुलर हुआ था। उर्मिला ने इस फिल्म में जो स्टाइल अपनाया, वह 90 के दशक में फैशन की दुनिया में बड़े बदलाव का गवाह बना। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उर्मिला के करियर को टॉप पर ले जाने में राम गोपाल वर्मा का काफी हाथ है। उन्होंने एक्ट्रेस की काफी मदद की। उर्मिला ने रामगोपाल वर्मा के साथ कुल 13 फिल्मों में काम किया। कथित तौर पर उर्मिला और राम गोपाल वर्मा के अफेयर की खबरें भी चर्चा में रहीं। कहा तो यहां तक जाता है कि राम गोपाल वर्मा उर्मिला को लेकर इतने ज्यादा फिक्रमंद रहते थे कि अपनी फिल्मों में उनके लिए जगह निकाल ही लेते थे। करियर में सफलता के बाद उर्मिला मातोंडकर ने 42 साल की उम्र में नौ साल छोटे मॉडल और बिजनेसमैन मोहसिन मीर के साथ शादी की। मोहसिन बॉलीवुड फिल्म 'लक बाई चांस' से लोकप्रिय हुए थे। अब उर्मिला राजनीति की दुनिया में सक्रिय हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन अपनी तस्वीरें अपने फैंस के साथ शेयर करती नजर आती हैं।