फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Urmila Matondkar Birthday: मासूम उर्मिला ने ऐसे दिखाए रंगीले अंदाज, 10 किरदारों से समझिए पूरी कहानी

Thu, 04 Feb 2021 03:24 PM IST
शुभांगी गुप्ता अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
उर्मिला मातोंडकर बर्थडे
फिल्मों में अपनी बिंदास अभिनय शैली और नृत्य कौशल के लिए मशहूर रहीं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर पिछले एक दशक से बड़े पर्दे से दूर हैं। बाल कलाकार के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख देने वाली उर्मिला अब राजनीति में ही अधिक सक्रिय रहती हैं। एक समय ऐसा भी था जब उर्मिला के करोड़ों प्रशंसक रहे और जब ‘रंगीला’ रिलीज हुई तो उनके इमारत को लोगों ने लिफ्ट से लेकर उनके फ्लैट तक फूलों से भर दिया था। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको उर्मिला के कुछ बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।
विज्ञापन

2 of 11
नरसिम्हा - फोटो : Social Media
किरदार : मीनू सिंह
फिल्म : नरसिम्हा (1991)
उर्मिला मातोंडकर ने बी आर चोपड़ा की वर्ष 1977 में आई फिल्म 'कर्म' से एक बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह श्रीराम लागू की मराठी फिल्म 'जाकोल', श्याम बेनेगल की फिल्म 'कलयुग', शेखर कपूर की फिल्म 'मासूम', प्रवीण भट्ट के फिल्म 'भावना', राहुल रवैल की फिल्म 'डकैत' में बाल कलाकार के रूप में ही नजर आईं। एक वयस्क कलाकार के रूप में उर्मिला की पहली फिल्म मलयालम भाषा की 'चाणक्यन' है जिसमें उनके साथ कमल हासन मुख्य भूमिका में रहे। इसके बाद हिंदी भाषा की पहली फिल्म उर्मिला के लिए 'नरसिम्हा' रही जिसमें उनके साथ सनी देओल, डिंपल कपाड़िया, रवि बहल और ओमपुरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म में उर्मिला ने एक युवा लड़की मीनू का किरदार निभाया जो अपने पिता के गलत होने पर उनका बहिष्कार करके सच्चाई का साथ देती है। इस एक्शन ड्रामा फिल्म से उर्मिला को ज्यादा कुछ हासिल नहीं हो सका।
विज्ञापन

3 of 11
रंगीला - फोटो : Social Media
किरदार : मिली जोशी
फिल्म : रंगीला (1995)

उर्मिला ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में लोकप्रियता पाई वर्ष 1993 की फिल्म 'गायम' से। रामगोपाल वर्मा की इस पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म में उर्मिला के साथ जगपति बाबू और रेवती मुख्य भूमिकाओं में रहे। यह फिल्म भी सुपरहिट रही है और उर्मिला को भी सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के नंदी पुरस्कार से नवाजा गया। लेकिन, उत्तर भारत में उर्मिला को पहचान मिली रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'आ गले लग जा' से। जुगल हंसराज के साथ उनकी रोमांटिक जोड़ी दर्शकों को पसंद आई। मगर, उर्मिला को सुपरस्टार बनाया वर्ष 1995 की राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'रंगीला' में। आमिर खान और जैकी श्रॉफ के साथ उर्मिला ने एक खुशमिजाज लड़की मिली का किरदार निभाया। मिली बहुत महत्वकांक्षी है और एक अभिनेत्री बनने के ख्वाब देखती है। इस फिल्म के लिए पहली बार उर्मिला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन मिला।

4 of 11
जुदाई - फोटो : Social Media
किरदार : जान्हवी साहनी
फिल्म : जुदाई (1997)

राज कंवर के निर्देशन में वर्ष 1997 में रिलीज हुई पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'जुदाई' से उर्मिला की लोकप्रियता घर-घर तक पहुंची। इस फिल्म में उन्होंने जान्हवी साहनी का किरदार निभाया जो एक अमीर घर की बेटी है। जान्हवी का दिल एक ईमानदार इंजीनियर राज पर आता है और वह शादी की इच्छा जाहिर कर देती है। राज पहले से शादीशुदा है लेकिन उसकी पत्नी काजल पैसों के मामले में थोड़ी लालची है। जान्हवी और काजल के बीच राज को लेकर सौदा होता है और जान्हवी राज से पैसा देकर शादी करती है। एक अमीर सुलझी हुई लड़की का किरदार निभाकर उर्मिला ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार का नामांकन पाया।
विज्ञापन

5 of 11
सत्या - फोटो : Amar Ujala, Mumbai
किरदार : विद्या
फिल्म : सत्या (1998)

रामगोपाल वर्मा के ही निर्देशन और निर्माण में रिलीज हुई फिल्म 'सत्या' के लिए उर्मिला मातोंडकर ने एक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन पा लिया। वर्ष 1998 में रिलीज हुई इस फिल्म में उर्मिला के साथ जेडी चक्रवर्ती, मनोज बाजपेयी, सौरव शुक्ला, शेफाली शाह और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में रहे। उर्मिला ने यहां एक गायिका विद्या का किरदार निभाया है। विद्या अपने दम पर सब कुछ करना चाहती है लेकिन जब सत्या से उसके प्रेम संबंध बनते हैं तो सत्या के दम पर ही उसे काम मिलने लगता है। हालांकि, विद्या इस बात से अनजान रहती है कि सत्या एक अपराधी है। यह सच्चाई उसे बाद में पता चलती है।
विज्ञापन

6 of 11
कौन - फोटो : Social Media
किरदार : अनाम
फिल्म : कौन (1999)

रामगोपाल वर्मा की ही वर्ष 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'कौन' में उर्मिला मातोंडकर ने एक डरी सहमी युवा लड़की का किरदार निभाया। कमाल की बात तो यह है कि इस फिल्म में उनके किरदार का कोई नाम ही नहीं है। यह साइकोलॉजिकल सस्पेंस थ्रिलर फिल्म उर्मिला के किरदार के इर्द-गिर्द ही घूमती है और इस फिल्म में उनके अलावा मनोज बाजपेयी और सुशांत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। रामगोपाल वर्मा ने इस फिल्म को मात्र 15 दिनों के अंदर ही शूट कर लिया था। उर्मिला का किरदार फिल्म की शुरुआत में तो डरा सहमा सा रहता है लेकिन बाद में पता चलता है कि वह एक सीरियल किलर है। मासूमियत के पीछे हत्यारी लड़की को छिपाने का काम उर्मिला ने बखूबी कर दिखाया। इसके लिए उनकी बहुत तारीफ भी हुई।
विज्ञापन

7 of 11
खूबसूरत - फोटो : social media
किरदार : शिवानी
फिल्म : खूबसूरत (1999)

उर्मिला मातोंडकर ने सिर्फ गंभीर फिल्मों में ही गंभीर किरदार नहीं निभाए, बल्कि उन्होंने रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों में भी कुछ गंभीर किरदार निभाए हैं। वर्ष 1999 में संजय दत्त के साथ आई उनकी फिल्म 'खूबसूरत' में उन्होंने शिवानी नाम की लड़की का किरदार निभाया। शिवानी खूबसूरत है लेकिन उसमें आत्मविश्वास की कमी है। वह बेवकूफ भी है। जब शिवानी संजय दत्त के किरदार संजू के संपर्क में आती है तो संजू शिवानी को साधारण लड़की से खूबसूरत औरत बनाकर दम लेता है। उर्मिला ने भी अपने किरदार के बदलावों को शानदार तरीके से पेश किया।

8 of 11
जंगल - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार : अनु मल्होत्रा
फिल्म : जंगल (2000)

रामगोपाल वर्मा के साथ उर्मिला ने एक बार फिर से हाथ मिलाया और उन्होंने फिल्म बनाई 'जंगल'। इस थ्रिलर ड्रामा फिल्म में उर्मिला के साथ सुनील शेट्टी, फरदीन खान, सुशांत सिंह, मकरंद देशपांडे और राजपाल यादव मुख्य भूमिकाओं में हैं। उर्मिला ने यहां अनु मल्होत्रा का किरदार निभाया है जिसका जंगलों में रहने वाला एक डकैतों का समूह अपहरण कर लेता है। इस अपहरण के बाद शुरू होती है अनु की यात्रा जिसमें उर्मिला को अपने किरदार के साथ कई रंग दिखाने का मौका मिलता है। यह फिल्म हिट साबित हुई और उर्मिला ने भी खूब प्रशंसा पाई।

9 of 11
प्यार तूने क्या किया - फोटो : ट्विटर
किरदार : रिया
फिल्म : प्यार तूने क्या किया (2001)

उर्मिला मातोंडकर के पिछले काम को देखते हुए रजत मुखर्जी ने उन्हें अपनी वर्ष 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'प्यार तूने क्या किया' में एक पागलपन की हद तक प्यार करने वाली जुनूनी लड़की रिया का किरदार निभाने का मौका दिया। रिया अपने प्यार करने के तरीके से ही विलेन बन जाती है। जिस तरह का काम उर्मिला ने इस फिल्म में मुख्य कलाकारों फरदीन खान और सोनाली कुलकर्णी के साथ किया, उसकी तारीफ हर जगह हुई। इसके लिए उर्मिला को नकारात्मक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

10 of 11
भूत - फोटो : Social Media
किरदार : स्वाति
फिल्म : भूत (2003)

वर्ष 2003 में रिलीज हुई रामगोपाल वर्मा की फिल्म 'भूत' तो पूरी तरह से उर्मिला मातोंडकर की ही फिल्म रही। इस फिल्म में वैसे अजय देवगन उनके साथ मुख्य भूमिका में हैं लेकिन जो काम इस फिल्म में उर्मिला ने स्वाति के किरदार में कर दिखाया, उसकी बराबरी किसी ने नहीं की। उर्मिला का किरदार भूतों से प्रभावित औरत स्वाति का है जिसमें उन्होंने अपने काम से सबसे ज्यादा समीक्षकों को प्रभावित किया। फिल्म दर्शकों को भी पसंद आई इसलिए यह बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही। इस फिल्म में अपने किरदार को बेहतरीन तरीके से निभाने के लिए उर्मिला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार का नामांकन मिला और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर क्रिटिक्स पुरस्कार से उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा भी उर्मिला को कई पुरस्कार मिले।
विज्ञापन

11 of 11
एक हसीना थी - फोटो : Social Media
किरदार : सारिका वर्तक
फिल्म : एक हसीना थी (2004)

'अंधाधुन', 'बदलापुर', 'एजेंट विनोद', 'जॉनी गद्दार' जैसी फिल्में बनाने वाले श्रीराम राघवन ने फिल्मकारी में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2004 की फिल्म 'एक हसीना थी' से की है। इस फिल्म में उर्मिला मातोंडकर, सैफ अली खान आदित्य श्रीवास्तव और सीमा बिस्वास जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। उर्मिला ने यहां भूमिका निभाई प्रतिशोध में पागल हो रही लड़की सारिका वर्तक की। सारिका को अंडरवर्ल्ड से संबंध रखने में जेल होती है। जेल करवाने वाला सारिका का ही प्रेमी करण सिंह राठौर है जिसका किरदार सैफ अली खान ने निभाया। जब यह बात सारिका को मालूम होती है तो वह अपने प्रेमी से बदला लेने के लिए पागल होती है। उर्मिला ने यहां पर भी ऐसा अभिनय करके दिखाया जिसकी तारीफ हर जगह हुई। इसके लिए उर्मिला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन भी मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें