अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद बॉलीवुड में चले ड्रग्स केस को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) लगातार जांच कर रही है। इस दौरान कई ड्रग्स पैडलर्स की गिरफ्तारी भी हुई और अभी भी कई की तलाश जारी है। अब एनसीबी ने सोमवार को दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। मलाड, परेल और सांताक्रूज इलाकों में छापेमारी के बाद एनसीबी की टीम ने इनकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है।
एनसीबी की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बॉलीवुड से जुड़े लोगों को ड्रग्स सप्लाई किया करते थे। जिसमें दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत का स्टाफ भी शामिल था। खास बात ये है कि जिन दो आरोपियों को एनसीबी ने गिरफ्तार किया है, उसमें से एक पुलिस कर्मी बनने के लिए भी चयनित हो चुका था।
मिली जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए इस आरोपी ने एलएसडी (LSD) की 80 ब्लॉट्स हिटलर की बायोग्राफी किताब में छिपा कर रखी हुई थी। जिसे एक पार्सल के माध्यम से विले पार्ले के पोस्टऑफिस में भेजा गया था।
एनसीबी हेड समीर वानखेड़े ने बताया कि इस एलएसडी को यूरोपियन देशों से मंगाने की जानकारी मिली है। जांच में पाया गया है कि इसे डार्क नेट के जरिए ऑर्डर किया गया था और पेमेंट क्रिप्टो करेंसी यानी बिटकॉइन के जरिए की गई थी। इस मामले की लगातार जांच जारी है।