सुशांत सिंह राजपूत, रिया चक्रवर्ती, शौविक चक्रवर्ती, सैमुअल मिरांडा
- फोटो : facebook/SushantSinghRajput, PTI
14 जून 2020 को सिनेमा का एक चमकता- उभरता सितारा हमेशा के लिए टूट गया। सुशांत की मौत को करीब चार महीने का वक्त बीत गया है, लेकिन ऐसा लगता है कि आज भी ये केस उस ही जगह पर है, जहां से शुरू हुआ था। सुशांत केस में सबसे पहले मुंबई पुलिस ने छानबीन शुरू की थी और जल्दी ही इसे आत्महत्या का मामला बता दिया गया था। हालांकि सुशांत के फैंस के साथ ही साथ कुछ नेता और अभिनेता इस बात से सहमत नहीं हुए और मुंबई पुलिस को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया।
इस केस में मोड़ तब आया जब सुशांत के पिता केके सिंह ने बिहार में एफआईआर दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार को दिवंगत अभिनेता की मौत का आरोपी बताया। इसके साथ ही केके सिंह ने रिया व उनके परिवार पर सुशांत के पैसों में भी हेर फेर करने का आरोप लगाया। इस एफआईआर के बाद ही केस में बिहार पुलिस की भी एंट्री हो गई। जिसके बाद मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस के बीच खींचतान देखने को मिली। मुंबई और बिहार पुलिस की खींचतान तब खत्म हुई जब ये केस सीबीआई के पास पहुंचा।
सीबीआई के पास केस पहुंचने के बाद से ही इस केस में हर दिन एक नया मोड़ आता दिखा। पैसों के हेर फेर के आरोपों के चलते प्रवर्तन निदेशालय और ड्रग्स एंगल की वजह से एनसीबी भी सुशांत केस की जांच में जुट गए। रिया चक्रवर्ती सहित पूरे परिवार से पहले ईडी और फिर एनसीबी ने पूछताछ की। ड्रग्स के लेनदेन के चलते रिया, उनके भाई शौविक सहित कई अन्य को जेल भी जाना पड़ा। करीब एक महीने जेल में रहने के बाद रिया चक्रवर्ती को बेल मिली और अब रिया अपने घर पर हैं।
हाल ही में ऐसी भी खबरें सामने आईं कि सीबीआई ने इस केस की जांच पूरी कर ली है और जल्दी ही केस की क्लोजर रिपार्ट दाखिल हो सकती है। हालांकि सीबीआई ने मीडिया रिपोर्ट में अपने निष्कर्षों से संबंधित खबरों को काल्पनिक करार दिया। सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौर ने अपने बयान में कहा था, 'सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई की जांच जारी है। मीडिया में कुछ ऐसी काल्पनिक रिपोर्ट सामने आयी हैं कि सीबीआई एक निष्कर्ष पर पहुंच चुकी है। यह फिर दोहराया जाता है कि ऐसी रिपोर्ट त्रुटिपूर्ण एवं काल्पनिक हैं।'