फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित खुदकुशी की पहेली सुलझने के बजाय लगातार उलझती हुई दिख रही है। राजनीतिक नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप, प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ, सीबीआई जांच की मांग, दुखी पिता का एफआईआर और इंसाफ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुशांत की बहन की चिट्ठी, बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के इस मामले में हर गुजरते दिन के साथ एक नया एंगल सामने आ जाता है। और बात यहीं खत्म नहीं होती। मौत के इस मामले की जांच कौन करेगा, इस सवाल को लेकर भी दो राज्यों की पुलिस आमने-सामने खड़ी दिखी। हालांकि बिहार सरकार ने सीबीआई जांच कराने की मांग मान ली है और इस सिलसिले में सिफारिश कर दी गई है।
कोरोना महामारी के इतर खबरों की तलाश कर रहे मीडिया को भी इस मामले ने एक तरह से टीआरपी का ऑक्सीजन मुहैया कर दिया है। आइए जानते हैं कि कथित खुदकुशी के मामले में अब तक क्या-क्या हुआ और केस की फिलहाल क्या स्थिति है।