कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का 21 सितंबर को निधन हो गया था। कॉमेडियन दिल का दौरा पड़ने के बाद एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती थे। राजू के परिवार, दोस्त और फैंस सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। लेकिन ऐसे हो न सका और गजोधर भैया इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। वहीं, कॉमेडियन की अंतिम विदाई में शामिल हुए उनके दोस्त सुनील पाल से एक फैन ने सेल्फी की मांग कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राजू श्रीवास्तव और सुनील पाल
- फोटो : Social Media
दरअसल, 21 सितंबर को राजू श्रीवास्तव का सुबह 10:20 बजे दिल्ली एम्स में निधन हो गया था। अगले दिन दिल्ली के निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके परिवार और दोस्तों के अलावा भारी संख्या में फैंस भी मौजूद थे। अपने दोस्त को अंतिम विदाई देने के लिए कॉमेडियन सुनील पाल और एहसान कुरैशी भी पहुंचे थे। इसी दौरान एक फैन ने सुनील पाल से सेल्फी की मांग कर दी।
सुनील पाल श्मशान घाट पहुंचे तो राजू श्रीवास्तव के लिए शोक प्रकट कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ से एक फैन निकलकर सामने आया और उसने सेल्फी की मांग की, जिसे देख वह हैरान हो रह गए। ऐसे में सुनील पाल ने फैंस से अनुरोध किया कि वह इस स्थान की गंभीरता को समझें और वहां से जाने के लिए कहा।
राजू श्रीवास्तव और सुनील पाल
- फोटो : Social Media
बता दें कि सुनील पाल और राजू श्रीवास्तव बेहद करीबी दोस्त थे। दोनों को साथ में कॉमेडी शोज में भी देखा जा चुका है। जब से राजू अस्पताल में भर्ती हुए थे तब से सुनील काफी चिंतित थे। वह कई बार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते दिखाई दिए थे। वहीं, अपने दोस्त को खोने के बाद सुनील पाल भी बेहद दुखी नजर आ रहे थे।