फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस डिपो में नौकरी से लेकर रेडियो तक में सुनील दत्त ने किया काम, बड़े पर्दे पर इन 10 किरदारों से छोड़ी अमिट छाप

Sat, 06 Jun 2020 02:09 PM IST
shrilata biswas अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
सुनील दत्त - फोटो : सोशल मीडिया
अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और राजनेता रहे सुनील दत्त ने जिस भी क्षेत्र में कदम रखा वहां उन्होंने लाजवाब ख्याति प्राप्त की। इंडस्ट्री में कदम रखने से पूर्व रेडियो एनाउंसर के तौर पर काम करने वाले सुनील दत्त ने फिल्मों में नायक से लेकर खलनायक दोनों तरह के किरदार निभाए। वह जब पांच वर्ष के थे तभी उनके पिता दीवान रघुनाथ दत्त की मृत्यु हो गई थी। उनकी परवरिश उनकी मां कुलवंती देवी ने की थी। कभी मुंबई की बस डिपो में चेकिंग क्लर्क की नौकरी कर चुके सुनील दत्त ने साल 1955 में फिल्म 'रेलवे प्लेटफॉर्म' से अपने करियर की शुरुआत की। सुनील दत्त का असली नाम बलराज दत्त था। फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना नाम सुनील रख लिया। उन्होंने अपने करियर में संजीदा अभिनय से लेकर हास्य और भावुक सभी तरह की फिल्मों में काम किया। वहीं राजनेता के तौर पर वह पांच बार सांसद रहे और कांग्रेस की सरकार में युवा और खेल विभाग के मंत्री भी बने। 25 मई 2005 को सुनील दत्त ने इस दुनिया को अलविदा कहा। अपने करीब 50 साल के करियर में उन्होंने दर्जनों फिल्मों में अभिनय किया। उनकी इस लंबी फेरिस्त से हम आपसे उनके कुल 10 चुनिंदा किरदारों का ब्यौरा साझा कर रहे हैं।
विज्ञापन

2 of 11
मदर इंडिया - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: बिरजू
फिल्म: मदर इंडिया (1957)

फिल्म 'मदर इंडिया' हिंदी सिनेमा जगत की यादगार फिल्मों में शुमार है। फिल्म का निर्देशन महबूब खान ने किया था। फिल्म में सुनील दत्त के अलावा नरगिस, राज कुमार और राजेंद्र कुमार मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म में सुनील दत्त ने पहली दफा अभिनेत्री नरगिस के साथ काम किया था। फिल्म में दोनों मां-बेटे के किरदार में थे। इस फिल्म के सेट से जुड़ा एक किस्सा बहुत ही मशहूर है कि फिल्म के सेट पर एक बार आग लग गई थी जिसमें सुनील दत्त ने अपनी जान पर खेल कर नरगिस की जान बचाई थी और तब से दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ने लगा। फिल्म में सुनील दत्त ने बिरजू का किरदार निभाया था। इस फिल्म ने राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ ही फिल्मफेयर के कई पुरस्कार अपने नाम किए, साथ ही ऑस्कर की रेस में शुमार होने वाली पहली भारतीय फिल्म का तमगा भी हासिल किया।
 
विज्ञापन

3 of 11
मुझे जीने दो - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: ठाकुर जरनैल सिंह
फिल्म: मुझे जीने दो (1963)

सुनील दत्त ने इस फिल्म के लिए पहली दफा फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम किया था। फिल्म में उन्होंने एक डकैत की भूमिका अदा की थी। इस किरदार में उन्होंने गजब का अभिनय किया था जिसके दर्शक कायल हो गए और देखते ही देखते यह उस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई। फिल्म में सुनील दत्त के अलावा वहीदा रहमान, निरूपा रॉय, मुमताज और राजेंद्र नाथ मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। इस फिल्म का निर्माण भी खुद सुनील दत्त ने किया था

4 of 11
फिल्म यादें से जुड़ा सुनील दत्त का दृश्य - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: अनिल
फिल्म: यादें (1964)

सुनील दत्त के करियर में 'यादें' पहली ऐसी फिल्म रही जिसमें वह मुख्य अभिनेता के साथ ही निर्माता और निर्देशक के तौर पर भी नजर आए थे। इसे हिंदी सिनेमा जगत की पहली ऐसी फिल्म कहा जाता है जो कि पूरी तरह से एक कलाकार पर आधारित थी। इसी वजह से यह फिल्म गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बनाने में भी कामयाब हुई। फिल्म में अनिल बने सुनील जब घर आते हैं तो अपनी बीवी और बच्चे को नहीं पाते हैं। जिसके बाद वह खुद से बात करना शुरू कर देते हैं। फिल्म में सुनील दत्त ने अव्वल दर्जे का अभिनय किया है। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था।  
विज्ञापन

5 of 11
खानदान - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार- गोविंद शंकर लाल
फिल्म- खानदान (1965)

इस फिल्म के लिए सुनील दत्त ने दूसरी दफा फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार प्राप्त किया था। फिल्म का निर्देशन ए.भीमसिंह ने किया था। फिल्म में सुनील दत्त के अलावा नूतन, प्राण, ओम प्रकाश, ललिता पवार, हेलन और मुमताज ने भी अभिनय किया। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता प्राप्त हुई थी और यह उस साल की सातवीं सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी। यह एक तमिल फिल्म की रीमेक थी। इस फिल्म में सुनील दत्त ने एक अपाहिज का किरदार निभाया है।
विज्ञापन

6 of 11
मिलन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार: गोपीनाथ
फिल्म: मिलन (1967)

इस फिल्म के लिए सुनील दत्त को फिल्मफेयर के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के तौर पर नामांकित किया गया था। फिल्म की कहानी पुनर्जन्म पर आधारित है जिसमें सुनील दत्त, नूतन, प्राण और जमुना जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म में सुनील दत्त ने गोपीनाथ नामक व्यक्ति का किरदार अदा किया है जिसे अचानक अपने पिछले जन्म की कहानी याद आ जाती है और एक-एक कर उसके पिछले जन्म से जुड़े लोग भी मिलते जाते हैं। यह तेलुगू फिल्म मूगा मनसुलू की हिंदी रीमेक है जिसे अदुर्थी सुब्बा रॉव ने निर्देशित किया था।
विज्ञापन

7 of 11
पड़ोसन - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: भोला
फिल्म: पड़ोसन (1968)

यह फिल्म एक बंगाली फिल्म की हिंदी रीमेक है। फिल्म का निर्देशन ज्योति स्वरूप ने किया था वहीं सुनील दत्त, सायरा बानो, किशोर कुमार और महमूद ने अहम किरदार अदा किया था। फिल्म में सुनील दत्त ने अपने नाम भोला के समान ही बेहद ही मासूमियत भरा किरदार अदा किया। कॉमेडी जॉनर की इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे आगे चलकर अन्य भाषाओं में भी बनाया गया।

8 of 11
हमराज - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: कुमार
फिल्म: हमराज (1967)

बीआर चोपड़ा के निर्देशन में बनी यह सस्पेंस और रोमांच से भरपूर फिल्म है जिसमें सुनील दत्त का शानदार काम देखने को मिलता है। सुनील दत्त के साथ ही इस फिल्म में राज कुमार, विमी, मुमताज, मदन पुरी, बलराज साहनी, जीवन और हेलेन जैसे दिग्गज कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल हुई थी। फिल्म में सुनील दत्त ने एक स्टेज एक्टर की भूमिका निभाई थी जो अपनी ही पत्नी के इल्जाम में फंस जाता है। इस फिल्म ने एक राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ही दो फिल्मफेयर के पुरस्कार भी अपने नाम किए थे।

9 of 11
रेशमा और शेरा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार: शेरा
फिल्म: रेशमा और शेरा (1971)

इस फिल्म में सुनील दत्त के बेटे संजय दत्त पहली बार बाल कलाकार के तौर पर नजर आए थे। फिल्म में सुनील दत्त के साथ ही वहीदा रहमान, राखी, विनोद खन्ना और अमिताभ बच्चन मुख्य किरदार में दिखे। इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण खुद सुनील दत्त ने ही किया था। फिल्म की कहानी राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। यह एक क्राइम ड्रामा फिल्म है जिसमें गलतफहमियों के चलते रेशमा (वहीदा रहमान) और शेरा (सुनील दत्त) का परिवार एक दूसरे के खिलाफ हो जाता है।

10 of 11
परंपरा - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार: ठाकुर भवानी सिंह
फिल्म: परंपरा  (1993)

सुनील दत्त, विनोद खन्ना, सैफ अली खान, आमिर खान, रवीना टंडन, अश्विनी भावे और राम्या कृष्णा जैसे सितारों से सजी इस फिल्म में सुनील दत्त ने ठाकुर भवानी सिंह का किरदार निभाया। यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में सुनील दत्त का एक और बेहतरीन किरदार देखने को मिला था। इसी फिल्म से सैफ अली खान ने हिंदी सिनेमा में अच्छी शोहरत बटोरी। वैसे तो यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल दिखाने में नाकामयाब साबित हुई लेकिन सुनील दत्त के अभिनय को सकारात्मक प्रतिक्रिया हासिल हुई।
विज्ञापन

11 of 11
फिल्म- मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
किरदार- हरी प्रकाश शर्मा
फिल्म- मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस (2003)

फिल्मकार राजकुमार हिरानी निर्देशित यह फिल्म संजय दत्त के करियर की सुपरहिट फिल्मों में एक रही। हालांकि इस फिल्म से सुनील दत्त ने करीब 10 सालों बाद फिल्मी दुनिया में वापसी की। फिल्म में उन्होंने संजय दत्त के पिता का किरदार निभाया है जो गांव से मुंबई अपने बेटे की कामयाबी देखने आता है। पिता के डर से बेटा अपना असली गुंडागर्दी का काम छिपाकर खुद को डॉक्टर बताता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें