बीते शनिवार की रात 11.30 बजे बॉलीवुड की सदाबहार एक्ट्रेस श्रीदेवी के निधन के पीछे की सच्चाई एक ऐसी घटना बन गई है जिस पर बड़ी मुश्किल से यकीन किया जा सकता है। कोई इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहा है कि कुछ घंटे पहले तक एक शादी समारोह में हंसती-खिलखिलाती, नाचती श्रीदेवी की अचानक मौत कैसे हो गई। अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मोहित मारवाह की शादी में दुबई में जश्न मनाती नजर आने वाली श्रीदेवी के कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत ने कई सवाल उठा दिए हैं। एक सवाल तो यह भी है कि शादी समारोह के समाप्त हो जाने के बाद जब पूरा परिवार भारत लौट आया था तो श्रीदेवी आखिर क्यों अकेली दुबई में रुक गई थीं। पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी भी मुंबई लौट आए थे पर श्रीदेवी अकेली होटल में रुक गई थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूएई में उनका एक पेंटिंग एग्जीबिशन था जहां श्रीदेवी को जाना था लेकिन वह एग्जीबिशन इस सप्ताह होने वाला था तो फिर श्रीदेवी पहले ही वहां अकेली क्यों रहने लगीं। क्या बोनी कपूर के साथ उनकी कोई अनबन हो गई थीं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। क्या इसीलिए बोनी ने पत्नी श्रीदेवी को मनाने के लिए सरप्राइज डिनर का आयोजन किया था जो कभी पूरा ही नहीं हो पाया।