श्रीदेवी की मौत से आम लोगों के साथ-साथ पूरा बॉलीवुड शोक की लहर में डूबा हुआ है। उनके निधन से जहां पति बोनी कपूर को गहरा धक्का लगा है, वहीं दोनों बेटियां, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर मां के अचानक चले जाने से बुरी तरह से टूट चुकी हैं। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया है। क्लब के बाहर सैकड़ों फैंस उनके अंतिम दर्शन के लिए मौजूद हैं। वहीं सेलेब्स क्लब के अंदर जाकर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में हजारों फैंस के शामिल होने की उम्मीद है। आपको बता दें कि जब श्रीदेवी का निधन हुआ था तब उनकी दोनों बेटियों में से कोई भी उनके पास दुबई में नहीं थीं। वह अपनी दोनों बेटियों के काफी करीब थीं। उन्हें अक्सर पार्टियों में दोनों बेटियों के साथ ही देखा जाता था। श्रीदेवी की मौत के बाद अब हर कोई उनसे जुड़ी अपनी यादों को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहा है। इसी बीच बड़ी बेटी जाह्नवी के साथ उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।