हिंदी फिल्म इंडस्ट्री और साउथ की फिल्मों का कनेक्शन काफी पुराना है। लंबे समय से हिंदी सिनेमा के मेकर्स साउथ की फिल्मों का रीमेक बना रहे हैं और अच्छा पैसा कमा रहे हैं। दरअसल, हिंदी पट्टी के दर्शकों को मसाला फिल्में काफी पसंद आती हैं। यही वजह है कि बॉलीवुड का हर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर साउथ की फिल्मों का रीमेक बनाकर पैसे कमाने की सोचता है। हालांकि, काफी अरसे से चले आ रहे इस फॉर्म्युले का तोड़ साउथ के मेकर्स ने निकाल लिया है। अब ज्यादातर डायरेक्टर फिल्मों को पैन इंडिया रिलीज कर रहे हैं। आसान भाषा में कहें तो साउथ की फिल्मों को अब तमिल, तेलुगू, मलयालम के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज किया जा रहा है, जिससे साउथ की फिल्मों का रीमेक बनाना अब हिंदी डायरेक्टर्स के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। हालांकि, कुछ ऐसी फिल्में हैं, जो साउथ की रीमेक थीं और हाल ही में रिलीज हुई हैं। वहीं, कुछ ऐसी फिल्में पाइपलाइन में भी हैं, जो आने वाले समय में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली हैं।