अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय राकेश शर्मा की बायोपिक को लेकर बन रही अनिश्चय की स्थिति में हिंदी सिनेमा के विक्ट्री ब्वॉय विकी कौशल ने दूसरी बायोपिक साइन कर ली है। इस बायोपिक की शूटिंग वह अगले महीने से ही शुरू करने जा रहे हैं। साल की शुरूआत अपनी फिल्म 'उरी द सर्जिकल स्ट्राइक' से धमाकेदार तरीके से शुरू करने वाले विकी कौशल ने मशहूर क्रांतिकारी सरदार ऊधम सिंह की बायोपिक साइन की है।
विज्ञापन
2 of 5
vicky kaushal
यह फिल्म वह मशहूर निर्माता निर्देशक शूजीत सरकार के साथ बनाने जा रहे हैं। साल 1919 में हुए जलियावाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए ऊधम सिंह ने इस सामूहिक हत्याकांड में गोली चलाने का आदेश देने वाले माइकल ओ डायर का बरसों तक पीछा किया और 21 साल बाद साल 1940 में ब्रिटिश सरकार के इस अफसर की हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
3 of 5
Vicky Kaushal
- फोटो : social media
शूजीत सरकार इस बारे में कहते हैं, ‘अगर आप विकी कौशल का अब तक का करियर देखें तो वह लगातार चुनौतियां स्वीकार कर रहे हैं। मैं ऊधम सिंह के किरदार के लिए ऐसे कलाकार को लेना चाह रहा था जो इस फिल्म के लिए पूरी जान लगा दे। विकी कौशल की परवरिश एक पंजाबी परिवार में हुई है और मेरी फिल्म की कहानी भी पंजाब की ही है। विकी कौशल ही इस किरदार के लिए सबसे सही हीरो रहेंगे।’
4 of 5
vicky kaushal
विकी कौशल भी अपनी इस नई फिल्म से बहुत उत्साहित हैं। पीकू फेम शूजीत सरकार उनकी विश लिस्ट में रहे हैं और अब उनके साथ फिल्म करने का मौका पाकर वह बहुत खुश हैं। विकी कहते हैं, ‘ये मेरे लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं हैं। मैं शूजीत दा की फिल्मों का फैन रहा हूं। उनका कहानियां कहने का अंदाज बहुत निराला है। उनके निर्देशन में काम करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।’
विकी कौशल और शूजीत सरकार की ये बायोपिक अगले महीने शुरू होने जा रही है। फिल्म के लीड हीरो के चयन के बाद शूजीत अब फिल्म की बाकी कास्ट की तलाश में लगे हुए हैं। विकी कौशल के इस फिल्म को साइन कर लेने के बाद निर्माता रॉनी स्क्रूवाला की तरफ से राकेश शर्मा पर बनने वाली बायोपिक में रणबीर कपूर से संपर्क करने की चर्चा है।