फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इन 10 पड़ावों से होकर गुजरता है संजू बाबा के 'मुन्ना भाई' बनने का रास्ता, हर किरदार से निखरा अंदर का कलाकार

Wed, 29 Jul 2020 05:12 PM IST
प्रतीक्षा राणावत मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
संजय दत्त - फोटो : Social Media
हिंदी सिनेमा में इस वक्त वंशवाद और पक्षपात जैसे मुद्दों को लेकर बहुत बड़ी बहस छिड़ी हुई है। लेकिन, इनमें से कई स्टार किड्स वाकई इतने हुनरमंद हैं कि उन्होंने अपने पिता के नाम से शुरुआत जरूर की लेकिन सिर्फ अपने दम पर ही इस इंडस्ट्री में टिके रहे। उनमें से ही एक हैं अभिनेता संजय दत्त। बहस तो इस समय अपने काम के लिए मिलने वाले पुरस्कारों को लेकर भी छिड़ी हुई है लेकिन संजय दत्त ने अपनी जिंदगी में बहुत कम पुरस्कार पाए हैं। और पाए भी उन फिल्मों के लिए हैं जिनमें लोगों को भी लगता था कि वह वाकई इसके हकदार हैं। आइए संजय दत्त के जन्मदिन पर आज उनके कुछ बेहतरीन किरदारों पर नजर डालते हैं।
विज्ञापन

2 of 11
Rocky - फोटो : amar ujala mumbai
रॉकी (1981)
एक बाल कलाकार के रूप में संजय दत्त ने वर्ष 1977 में आई फिल्म 'रेशमा और शेरा' से अभिनय में अपने करियर की शुरुआत कर दी थी। लेकिन, एक वयस्क कलाकार के रूप में हिंदी सिनेमा में उनकी एंट्री उनके पिता सुनील दत्त के निर्देशन में फिल्म 'रॉकी' से हुई। इस फिल्म में संजय के साथ रीना रॉय, टीना मुनीम, अमजद खान, राखी, रंजीत, शक्ति कपूर और अरुणा ईरानी अहम भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म के शीर्षक के हिसाब से संजय ने रॉकी का ही किरदार निभाया है। रॉकी एक ऐसा लड़का होता है जो बड़ा तो हो जाता है लेकिन उसे पता ही नहीं है कि उसको जन्म किस मां ने दिया है। यह फिल्म संजय दत्त की मां नरगिस के निधन के कुछ ही दिन बाद रिलीज हुई। हालांकि फिर भी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की।
विज्ञापन

3 of 11
naam - फोटो : amar ujala mumbai
 नाम (1986)
संजय दत्त ने एक लाइन से कई फ्लॉप फिल्में दीं लेकिन उनका मनोबल डगमगाया नहीं। तब उन्हें महेश भट्ट के निर्देशन में मिली यह क्राईम ड्रामा फिल्म। इस फिल्म में वह नूतन, कुमार गौरव, पूनम ढिल्लों, अमृता सिंह और परेश रावल के साथ नजर आए। यह फिल्म संजय दत्त, परेश रावल और महेश भट्ट तीनों के ही करियर के लिए बहुत जरूरी थी। फिल्म में संजय दत्त ने विकी कपूर का किरदार निभाया है जो रातों-रात अमीर होने के लिए गलत रास्ते अख्तियार कर लेता है। समीक्षकों और दर्शकों दोनों की ही नजर में यह फिल्म काफी बड़ी हिट है। इसका गाना 'चिट्ठी आई है' तो आज भी हिंदी के सबसे लोकप्रिय गीतों में से एक है।

4 of 11
साजन
साजन (1991)
संजय दत्त को तमाम फिल्मों की ऊंच नीच के बाद मौका मिला लॉरेंस डिसूजा के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में मुख्य किरदार निभाने का। संजय दत्त का किरदार इस फिल्म में अमन वर्मा उर्फ सागर का है। वह अनाथ होने के साथ दिव्यांग भी है जिसको वर्मा परिवार गोद ले लेता है। अच्छे स्वभाव का है इसलिए दोस्त जल्दी बन जाते हैं। मेहनती भी है और शायरियां लिखता है। इस फिल्म में संजय के साथ सलमान खान और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिकाओं में हैं। एक चुनौतीपूर्ण किरदार को इस फिल्म में संजय दत्त ने बखूबी निभाया है। इसके लिए अपने अपने करियर में पहली बार उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया। इस फिल्म के निर्देशक लॉरेंस डिसूजा ने इसके सीक्वल की भी घोषणा की थी लेकिन फिलहाल उसका कोई अता-पता नहीं है।
विज्ञापन

5 of 11
संजय दत्त - फोटो : Social Media
खलनायक (1993)
संजय के लगातार दौड़ते करियर में उनके हाथ लगी सुभाष घई के निर्देशन में बनी यह फिल्म। संजय दत्त का नाम जब भी आता है तो लोगों के जेहन में दो-तीन किरदार जरूर आते हैं जिसमें से इस फिल्म का किरदार बलराम राकेश प्रसाद उर्फ बल्लू भी शामिल है। बल्लू एक कुख्यात अपराधी है जिसको पकड़ने के लिए जैकी श्रॉफ का किरदार राम भरसक प्रयास करता है। शुरुआत में वह पकड़ा जाता है लेकिन यह चूहे बिल्ली का खेल तो पूरी फिल्म में ही चलता है। यह फिल्म एक विलेन के नजरिए से ही बनाई गई है। हालांकि, हिंदी के दर्शकों को खुश करने के लिए नैतिक रूप से बल्लू की जीत जरूर होती है लेकिन कानूनी रूप से वह अपराधी ही माना जाता है। इस फिल्म में शानदार किरदार निभाने के लिए संजय दत्त को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।
विज्ञापन

6 of 11
'वास्तव' मूवी के एक सीन में संजय दत्त और रीमा लागू
वास्तव- द रियलिटी (1999)
महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी इस एक्शन क्राइम ड्रामा फिल्म में संजय दत्त ने रघु का किरदार निभाया है। कहा जाता है कि यह फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड गैंगस्टर छोटा राजन के जीवन पर आधारित है। बेशक संजय दत्त ने ही वह भूमिका निभाई है और इतनी शानदार निभाई है इसके लिए संजय को पहली बार सर्वश्रेष्ठ कलाकार के फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया। इस फिल्म में संजय दत्त के बोले कई संवाद आज भी बहुत लोकप्रिय हैं। संजय के अलावा इस फिल्म में नम्रता शिरोडकर, परेश रावल, मोहनीश बहल, रीमा लागू, संजय नार्वेकर आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। महेश ने इस फिल्म का सीक्वल 'हथियार' भी बनाया लेकिन वह फिल्म इतनी बड़ी हिट नहीं हो सकी।
विज्ञापन

7 of 11
Mission Kashmir - फोटो : file photo
मिशन कश्मीर (2000)
संजय दत्त के करियर का यह सुनहरा युग था जिसमें वह लगातार हिट पर हिट फिल्में दिए जा रहे थे। इसी बीच विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में आई इस फिल्म में भी उन्होंने एक एक अफसर की शानदार भूमिका निभाई है। बेशक इस फिल्म को ऋतिक रोशन के लिए याद किया जाता है लेकिन वह संजय दत्त ही हैं जिनका नाम फिल्मफेयर पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ कलाकार के लिए नामित किया गया। फिल्म में संजय का किरदार इनायत खान का है जो एक पुलिस अफसर है। जाने अनजाने में एक ऐसे परिवार का खात्मा कर देता है जो कि निर्दोष था। अपनी गलती का प्रायश्चित करने के लिए इनायत उस परिवार के बच्चे को गोद लेता है। लेकिन, जब बच्चे को इनायत की सच्चाई पता चलती है तो फिर वह बागी बन जाता है।

8 of 11
कांटे - फोटो : Social Media
कांटे (2002)
जिस साल संजय दत्त की सुपरहिट फिल्म 'वास्तव- द रियलिटी' का सीक्वल 'हथियार' रिलीज हुआ। उसी साल रिलीज हुई संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी यह फिल्म। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, लकी अली, महेश मांजरेकर, कुमार गौरव, नम्रता सिंह गुजराल, रति अग्निहोत्री और मलाइका अरोड़ा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। यह कहानी छह ऐसे भारतीयों की है जिन्हें लॉस एंजेलिस पुलिस बिना किसी सबूत के गिरफ्तार कर लेती है। बेशक उन्हें बुरा भी लगता है। फिर वह एक टीम बनाकर बैंक को लूटने की योजना बनाते हैं। अचानक से कुछ ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जिससे कि वह छह लोग आपस में एक दूसरे पर ही शक करने लगते हैं। संजय दत्त का किरदार इस फिल्म में जय रेहान उर्फ अज्जू का है। अज्जू के ही दिमाग से बाहर आती है बैंक को लूटने की योजना। इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए संजय को सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

9 of 11
मुन्ना भाई एमबीबीएस - फोटो : Social Media
मुन्ना भाई एमबीबीएस (2003)
अब तक संजय दत्त गंभीर और मारधाड़ के किरदार में ही मशहूर थे। लेकिन, राजकुमार हिरानी की इस फिल्म ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ कॉमेडियन का फिल्मफेयर पुरस्कार भी दिला दिया। फिल्म में संजय ने मुरली प्रसाद शर्मा उर्फ मुन्ना भाई की भूमिका निभाई है। मुन्ना भाई और सर्किट की जोड़ी समीक्षकों और दर्शकों को इतनी पसंद आई कि आज भी इन पर खूब मीम्स बनते हैं। मुरली अपने घर से डॉक्टर बनने निकलता है लेकिन मुंबई उसे मुन्ना भाई बना देती है। अपने पिता को खुश करने के लिए मुन्ना भाई एक मशहूर डॉक्टर बनने की कोशिश करता है। डॉक्टर तो नहीं लेकिन नैतिक रूप से एक अच्छा आदमी जरूर बन जाता है। फिल्म में संजय दत्त के साथ ग्रेसी सिंह, अरशद वारसी, सुनील दत्त, जिम्मी शेरगिल और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

10 of 11
लगे रहो मुन्ना भाई - फोटो : Social Media
लगे रहो मुन्नाभाई (2006)
पहली फिल्म की सफलता को देखते हुए राजकुमार हिरानी ने विधु विनोद चोपड़ा के निर्माण में 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का इस फिल्म के रूप में सीक्वल भी बना डाला। बेशक यह इसके प्रीक्वल से आगे की कहानी है। लेकिन इसमें मुन्ना भाई का मिशन दादागिरी को छोड़कर गांधीगिरी को आगे बढ़ाने का है। मुन्ना भाई के कारनामे लोगों को पहली फिल्म में ही बहुत पसंद आ चुके थे। और निर्देशक ने उसके किरदार के कुछ नए रूपों को इस फिल्म में दिखाकर सर्वश्रेष्ठ कलाकार के फिल्मफेयर अवार्ड का नामांकन भी दिलवा दिया। इस फिल्म में संजय दत्त के साथ अरशद वारसी, बोमन ईरानी, विद्या बालन, दीया मिर्जा आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए।
विज्ञापन

11 of 11
संजय दत्त - फोटो : Social Media
अग्निपथ (2012)
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लोग कांचा चीना के लिए ही याद करते हैं। कांचा का किरदार संजय दत्त ने ही निभाया है। यह फिल्म मुकुल आनंद के निर्देशन में वर्ष 1990 में आई अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म 'अग्नीपथ' का रीमेक रही। हालांकि इसके निर्माताओं ने पुरानी फिल्म की कहानी में से कुछ किरदारों में हेरफेर किया है। कांचा एक बेईमान आदमी है जो मांडवा पर राज करता है। उसके यहां सारे गलत धंधे होते हैं। बेशक वह इस फिल्म का विलेन है लेकिन यह फिल्म दर्शकों को इस किरदार के लिए ही पसंद आई है जिसको संजय दत्त ने बखूबी निभाया है। संजय के अलावा इस फिल्म में ऋतिक रोशन, ऋषि कपूर, ओम पुरी, प्रियंका चोपड़ा, जरीना वहाब आदि मुख्य भूमिकाओं में हैं।

पढ़ें: रिया चक्रवर्ती को लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई ने दिया रिएक्शन, कहा- 'रिया जैसे लोग इज्जत पर पानी फेरते हैं'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें