बॉलीवुड के फिटनेस फ्रीक माने जाने वाले अभिनेता विद्युत जामवाल अक्सर अपनी फिल्मों में किए जाने वाले एक्शन सीक्वेंस को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। फिटनेस से उनके लगाव और एक्शन करने में उनके परफेक्शन के कारण अभिनेता को इंडस्ट्री का मार्शल आर्ट एक्सपर्ट भी कहा जाता है। विद्युत जैसे एक्शन सीक्वेंस बॉलीवुड में बहुत ही कम अभिनेता कर पाते हैं, जो अभिनेता के लिए उनके करियर का एक प्लस पॉइंट भी माना जाता है। विद्युत ने अपने अभी तक के करियर में फिल्में चाहे कम की हों, लेकिन जितनी भी की सभी में उनकी एक्टिंग ने जमकर तारीफ बटोरी है। इसी वजह से अक्सर उनके फैंस उन्हें दीवानों की तरह स्क्रीन पर देखना पसंद करते हैं। जहां बीते दिनों उन्होंने अपनी नई फिल्म 'क्रैक' का एलान किया था, वहीं आज खबर आई है कि विद्युत की एक फिल्म का हॉलीवुड में रीमेक बनाने का प्लान किया जा रहा है। जो किसी उपलब्धि से कम नहीं है।