जब सही और सच्ची बात कहने की बारी आती है तो हिंदी सिनेमा के ‘प्रेम’ को भी ‘दबंग’ या फिर ‘सुल्तान’ बनने में देर नहीं लगती। बात हो रही है सलमान खान की। सलमान खान पर लाख तोहमतें लगें, सार्वजनिक जीवन में उनके बर्ताव को लेकर मुकदमे कायम हों, लेकिन, हिंदी सिनेमा की असलियत उजागर करने में सलमान खान ने कभी कोताही नहीं की। सलमान खान कहते हैं, ‘जिन लोगों को ये लगता है कि भारत देश सिर्फ कफ परेड और अंधेरी के बीच बसता है, उनको असली भारत समझने की जरूरत है। जब तक लोग असली भारत को समझेंगे नहीं, हिंदी फिल्मों में असली भारत दिखेगा कैसे?’ सलमान खान ने इस मौके पर उन लोगों को भी आड़े हाथ लिया जो सिनेमा को हकीकत के करीब रखने और हीरो को ‘लार्जर दैन लाइफ’ रूप देने के खिलाफ रहे हैं। कफ परेड दक्षिण मुंबई का सबसे पॉश इलाका है और अंधेरी इन दिनों हिंदी सिनेमा निर्माण की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है।