फिल्म 'शागिर्द' के एक सीन में सायरा बानो
- फोटो : वीडियो ग्रैब
दिलीप साहब के लिए भिजवाया शादी का प्रस्ताव
अभिनेत्री ने लिखा है, 'फिल्म 'शागिर्द' में 'कान्हा' गाने का फिल्मांकन ठीक जन्माष्टमी के दिन हुआ था। हम नजीर हुसैन साहब के साथ फिल्मिस्तान स्टूडियो में शूटिंग कर रहे थे, जो मद्रास में दिलीप साहब के साथ 'राम और श्याम' पर भी काम कर रहे थे। डेट्स की कमी के कारण नजीर साहब मेरे साथ देर रात तक शूटिंग करते और फिर सुबह जल्दी फ्लाइट से दिलीप साहब के साथ काम करने चले जाते। उस रात मैं भगवान कृष्ण की मूर्ति के सामने लताजी की मनमोहक आवाज में भजन गा रही थी तो मैंने शरारती अंदाज में नजीर साहब से कहा, 'आप दिलीप साहब के साथ काम कर रहे हैं। आप कितने भाग्यशाली हैं! प्लीज उन्हें बताएं कि सायरा उनके साथ काम करने के लिए बेताब हैं और अगर वह मना करते हैं, तो उनसे मुझसे शादी करने के लिए कह दें'!
जन्माष्टमी लेकर आई जीवन का प्यार
एक्ट्रेस आगे लिखती हैं, 'नजीर साहब एक पल के लिए मेरी बात सुनकर स्तब्ध रह गए और फिर जोरदार अंदाज में हंसे, जिसके लिए वे इतने मशहूर थे। अगली सुबह उन्होंने कर्तव्यनिष्ठ से मेरा मजेदार संदेश दिलीप साहब तक पहुंचाया। मुझे बताया गया है कि दिलीप साहब शायद अपनी शर्मिंदगी छिपाने के लिए शालीनता से मुस्कुराए। लेकिन हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिनों में वे मेरी जिंदगी में आए। मेरी आंखों में देखा और मेरी दादी और मां से मेरा हाथ मांगा। जब मैं अब पीछे मुड़कर सोचती हूं तो मुझे एहसास होता है कि जन्माष्टमी हमेशा मेरे लिए अनमोल आशीर्वाद, दोस्ती, प्यारी यादें और मेरे जीवन का प्यार लेकर आई है। हेमा के साथ ये किस्से साझा करने से ये यादें और भी मीठी हो गईं'।