फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Republic Day 2021: अमनदीप को याद आए टीवी पर परेड देखने के दिन, दूसरे कलाकारों ने भी साझा की यादें

Tue, 26 Jan 2021 10:19 AM IST
स्वाति सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 9
दिल्ली में सरकारी परेड और किसानों की परेड की तैयारियों के बीच यहां मुंबई में भी गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या में लोगों में खूब जोश देखने को मिला। राज्य भर से आए किसानों को राज्यपाल से मिलने का मौका भले न मिला हो, लेकिन तमाम फिल्म और टीवी कलाकारों ने खुद आजाद मैदान जाकर इन किसानों की आवभगत की और उनके साथ खाना खाया। टीवी के तमाम कलाकारों ने देश वासियों को 72वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी और इश दिन को लेकर अपनी कुछ खूबसूरत यादें भी साझा की हैं।
विज्ञापन

2 of 9
नेहा मार्दा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
धारावाहिक ‘क्यों रिश्तों में कट्टी बट्टी‘ में शुभ्रा का रोल निभा रहीं नेहा मार्दा कहती हैं, ‘‘हमारा मूलभूत अधिकार है समानता का अधिकार। मुझे घर के सभी फैसलों में समान रूप से बोलने का अधिकार है। इसके अलावा मुझे लगता है कि अपने पर्यावरण और प्रकृति के प्रति भी हमारा एक मूलभूत कर्तव्य है। मुझे अपने घर के आस-पास बहुत-से पौधे लगाना अच्छा लगता है और मैं कोशिश करती हूं कि मैं ज्यादा से ज्यादा पानी बचाऊं। मैंने जिंदगी के हर मोड़ पर अपने देश पर गर्व महसूस किया है। मुझे लगता है कि अपने देश पर गर्व करने के लिए कोई खास मौका या पल नहीं होना चाहिए। यह तो मेरे खून में है और मुझे भारतीय होने पर गर्व है।‘‘
विज्ञापन

3 of 9
सिद्धांत वीर सूर्यवंशी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इसी धारावाहिक में  कुलदीप का रोल निभा रहे सिद्धांत वीर सूर्यवंशी कहते हैं, ‘‘मुझे अपने देश के लोकतंत्र और उन अवसरों पर गर्व है, जो हमारा देश अपने नागरिकों को देता है। जब भी चुनाव होते हैं, चाहे वो राज्य में हों या देश में, हमें अपनी सरकार चुनने का अधिकार होता है। बहुत-से देश अपने नागरिकों को यह अवसर नहीं देते हैं। देश में शांतिपूर्वक होने वाले चुनाव, दुनिया के सामने यह साबित करते हैं कि हमारे देश की इतनी विविध संस्कृति होने के बावजूद हम बिना किसी अड़चन के चुनाव कर सकते हैं। इस बात पर मुझे वाकई गर्व होता है।‘‘

4 of 9
सृष्टि माहेश्वरी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
धारावाहिक ‘तुझसे है राब्ता‘ में अवनी का किरदार निभा रहीं सृष्टि माहेश्वरी कहती हैं, ‘‘मैं जिन मूलभूत अधिकारों को गंभीरता से मानती हूं, वो हैं समानता का अधिकार और स्वतंत्रता का अधिकार। मेरा मानना है कि एक लड़का और एक लड़की के बीच फर्क को अभिव्यक्ति की आजादी के आड़े नहीं आने देना चाहिए। किसी भी इंसान की पहचान उसके लिंग से नहीं, बल्कि जिंदगी में कुछ हासिल करने की इच्छाशक्ति से होनी चाहिए। मैं एनसीसी में एनसीसी सार्जेंट बनी थी और मैंने 2012 में एनसीसी के बेस्ट कमांडिंग ऑफिसर का पुरस्कार जीता था। जब मुझे बेस्ट कमांडिंग ऑफिसर के बैजेस दिए जा रहे थे, तो मेरे पैरेंट्स भी वहां मौजूद थे और वो एक गर्व भरा पल था।”
विज्ञापन

5 of 9
अधविक महाजन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
धारावाहिक ‘तेरी मेरी इक्क जिंदड़ी‘ में ही जोगी का रोल निभा रहे अधविक महाजन कहते हैं, ‘‘रिपब्लिक डे से जुड़ी मेरी बचपन की सबसे खूबसूरत याद तब की है, जब हम अपनी सोसाइटी में झंडा फहराते थे। मुझे याद है हमें झंडे के नीचे खड़े होना बहुत अच्छा लगता था क्योंकि ऊपर से हम पर फूल की पंखुड़ियां गिरती थीं और हम इसे अपनी हथेलियों पर झेलने की कोशिश करते थे। आगे जाकर मैंने इस दिन का असली मतलब और महत्व समझा। मेरे लिए हर रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन एक जैसा होता है, जहां मैं अपने परिवार के साथ परेड देखते हुए वक्त बिताता हूं और इस साल भी मैं इसी परंपरा को जारी रखूंगा। मैं भारत के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देना चाहूंगा। मैं उम्मीद करता हूं कि सभी अपने भारतीय होने पर उसी तरह गर्व महसूस करें, जिस तरह मैं करता हूं।”
विज्ञापन

6 of 9
अमनदीप सिद्धू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
 
वहीं धारावाहिक ‘तेरी मेरी इक्क जिंदड़ी‘ में माही का रोल निभा रहीं अमनदीप सिद्धू कहती हैं, ‘‘मुझे याद है, जब मैं स्कूल में थी तो हमेशा रिपब्लिक डे पर होने पर स्पेशल डांस में परफॉर्म करती थी। वो हर साल का हमारा फिक्स्ड रूटीन होता था और मैं इसका बेसब्री से इंतजार करती थी। इसके लिए हम एक महीने पहले से रिहर्सल शुरू कर देते थे। जिंदगी में बहुत आगे जाकर मैंने अपने पैरेंट्स के साथ टीवी पर परेड देखना शुरू किया और फिर मैं इस दिन का महत्व जानने लगी। जहां हम एक और रिपब्लिक डे मनाने जा रहे हैं, तो मैं उम्मीद करती हूं कि हमारा देश आगे और तरक्की करे और मैं सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देती हूं।”
विज्ञापन

7 of 9
तनाज़ ईरानी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
धारावाहिक ‘अपना टाइम भी आएगा‘ में राजेश्वरी का किरदार निभा रहीं तनाज़ ईरानी कहती हैं, ‘‘मुझे याद है कॉलेज के दिनों में हमारी एक बड़ी रिपब्लिक डे पार्टी हुई थी, जहां हमने राष्ट्रीय ध्वज के रंगों वाली ड्रेस पहनी थी। हम सभी अपने-अपने घरों से खाना लाए थे। मुझे याद है इस दिन मैंने तिरंगा रंग का पुलाव बनाया था जो खाने में सभी को बहुत अच्छा लगा था। हमने पार्टी में तिरंगे के रंग वाले नॉन-एल्कोहलिक ड्रिंक्स भी शामिल किए थे। मुझे लगता है वो एक ऐसा रिपब्लिक डे था, जो थोड़ा असामान्य था, लेकिन बहुत यादगार था। मुझे अच्छे से याद है हम लोग अपने तिरंगे के रंग वाली चीजें खरीदने के लिए अपने पैरेंट्स से पैसे मांगते थे। हमें याद रखना चाहिए कि इस दिन हमारे देश के संविधान का गठन हुआ था। मैं अपने बच्चों को इस समय यही बात सिखा रही हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि बाकी के सभी लोग भी भारतीय इतिहास में इस दिन का महत्व समझें। मेरी ओर से सभी को हैप्पी रिपब्लिक डे।”

8 of 9
पूजा बनर्जी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘कुमकुम भाग्य‘ में रिया का रोल निभा नहीं पूजा बनर्जी कहती हैं, ‘‘मुझे भारतीय होने पर गर्व है और मुझे हर साल रिपब्लिक डे मनाना बहुत अच्छा लगता है। असल में इस दिन से जुड़ी बचपन की मेरी बहुत-सी यादें हैं, लेकिन इनमें सबसे खास याद तब की है, जब मैंने अपनी कजिन सिस्टर रुचिरा चटर्जी को रिपब्लिक डे परेड में अपने दल का नेतृत्व करते हुए देखा था। वो पहली महिला आरपीएफ ऑफिसर थीं, जिन्होंने परेड का नेतृत्व किया था। बचपन में हम उनसे बहुत प्रेरित थे। रिपब्लिक डे परेड में उन्हें हाथों में तलवार लेकर कदम बढ़ाते हुए देखकर हम सभी को बहुत गर्व हुआ था। आज भी जब संभव होता है, तो मैं परेड जरूर देखती हूं। मुझे अपने देश पर वाकई गर्व है और इस गणतंत्र दिवस पर मैं महसूस करती हूं कि सभी पहले अपने भारतीय होने पर गर्व करें। हमें उन सभी के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, जो हमारे देश की छवि बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, भले ही वे हमारे दोस्त ही क्यों ना हों। एक देश के रूप में हमें धर्मनिरपेक्षता का सही मतलब समझना चाहिए क्योंकि बीते कुछ वर्षों में हम और सहिष्णु होते जा रहे हैं। आइए हम एकजुट होकर देश की बेहतरी के लिए काम करें।‘‘
विज्ञापन

9 of 9
संजय गगनानी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
ज़ी टीवी के कुंडली भाग्य में पृथ्वी का रोल निभा रहे संजय गगनानी कहते हैं, ‘‘बचपन से ही रिपब्लिक डे पर मेरा दिल गर्व से भर जाता है। आखिर यह वो दिन था, जब हम रिपब्लिक डे परेड देखते थे, झंडा फहराने जाते थे, देशभक्ति गीत गाते और देशभक्ति फिल्में देखते थे। मैंने हर साल इस दिन को बड़े गर्व और उत्साह के साथ मनाया है और इस साल भी मैं ऐसा ही करने जा रहा हूं। मैं कहना चाहूंगा कि हमें सीमा पर तैनात अपने सैनिकों को सलाम करना चाहिए, जो हमारी रक्षा करने के लिए हर दिन लड़ रहे हैं ताकि हम अपने घरों में सुरक्षित और सलामत रह सकें। हमें कानून निर्माताओं को भी सलाम करना चाहिए, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि हर नागरिक खुद को इस बेमिसाल लोकतांत्रिक राष्ट्र का हिस्सा महसूस कर सकें।“
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें