अभिषेक को झेलनी पड़ी आलोचना, बेबो को मिली तारीफ
फिल्म 'रिफ्यूजी' अभिषेक बच्चन की पहली फिल्म थी। उनके पिता अमिताभ बच्चन से उनकी तुलना की गई। इसके कारण अभिनेता को डेब्यू फिल्म के लिए आलोचना झेलनी पड़ीं। वहीं, करीना कपूर को इस फिल्म के लिए खूब तारीफ मिली। मगर, हैरानी की बात यह है कि तीन साल बाद जब 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' आई तो ठीक इसका उल्टा हुआ। करीना को आलोचना झेलनी पड़ी, जबकि अभिषेक बच्चन की जमकर तारीफ हुई।
पहले शॉट के लिए अभिषेक ने दिए 17 रीटेक
जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित इस फिल्म का पहला शॉट देने में अभिषेक बच्चन को 17 रीटेक देने पड़े। दरअसल, हुआ यह कि अमिताभ बच्चन के बेटे को देखने के लिए करीब दो-तीन हजार लोगों के भीड़ जुट गई। अभिषेक बच्चन इतने घबरा गए थे कि उन्हें अपना पहला शॉट सही करने के लिए 17 बार रीटेक देने पड़े। अभिषेक बच्चन के मुताबिक, 'उस शाम जब वे होटल वापस जा रहे थे तो एहसास हुआ कि उस दिन दबाव, धारणा और माता-पिता के बारे में लोग क्या कहेंगे, इस बारे में सोचने में बहुत ज्यादा ऊर्जा खर्च की थी। एक्टर ने कहा, 'उस ऊर्जा को मुझे अपना काम करने में लगाना चाहिए था और मैंने उस दिन फैसला किया कि मैं इसके बारे में कभी नहीं सोचूंगा'।
Ranveer Singh: हॉरर कॉमेडी के साथ स्त्री की दुनिया में कदम रखेंगे रणवीर सिंह? जानिए पूरी डिटेल
'बिच्छू' के साथ होने वाला था क्लैश
पहले फिल्म 'बिच्छू' को अभिषेक बच्चन की 'रिफ्यूजी' के साथ ही 30 जून को रिलीज किया जा रहा था। मगर, बाद में निर्देशन गुड्डू धनोआ ने इसे रिलीज न करने का फैसला किया। फिर बॉबी देओल और रानी मुखर्जी की बिच्छू 07 जुलाई, 2000 को रिलीज हुई।
'रिफ्यूजी' से डेब्यू का अभिषेक को पछतावा
अभिषेक बच्चन को इस फिल्म से डेब्यू करने का पछतावा है। दरअसल, उन दिनों अभिनेता का परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था, इस कारण उन्हें फिल्मों में काम करने के लिए प्रेरित किया गया। कई निर्माता-निर्देशक भी अभिषेक को फिल्मों में लेना चाहते थे। आखिरकार उन्होंने 'रिफ्यूजी' से डेब्यू करने का फैसला किया। एक इंटरव्यू में अभिषेक बच्चन से करियर में की गई गलतियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था, 'मेरे पास जो बहुत कम पछतावे हैं, उनमें से एक यह है कि मैंने 'रिफ्यूजी' से डेब्यू किया था। मुझे लगा कि मैं एक अभिनेता के तौर पर बहुत कम तैयार था। मुझे जेपी साहब (जेपी दत्ता) के लिए बहुत अधिक तैयार होना चाहिए था। जेपी साहब मेरे लिए परिवार हैं। मैं उनसे प्यार करता हूं। मुझे उनके लिए बेहतर होना चाहिए था'।
बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप मगर गाने रहे हिट
फिल्म 'रिफ्यूजी' बॉक्स ऑफिस पर खास साबित नहीं हुई। मगर इस फिल्म का संगीत खूब पसंद किया गया। खासकर 'पंछी नदिया पवन के झोंके' आज भी खूब चाव से सुना जाता है। गाने के बोल जावेद अख्तर ने लिखे। इसे सोनू निगम और अलका याग्निक ने अपनी सुरीली आवाज से सजाया। कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का नेट कलेक्शन 17.01 करोड़ रुपये रहा। वहीं, इसे करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था।