समाजिक संदेश वाली फिल्में हिट
जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन की यात्रा पर गए थे, तब वहां के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उनसे 'दंगल' फिल्म का जिक्र किया था। अब सवाल यह है कि आखिर चीन के लोगों को भारतीय फिल्में इतनी पसंद क्यों आने लगीं हैं? जबकि यह जगजाहिर है कि भारत और चीन एक-दूसरे के दुश्मन हैं और समय-समय पर दोनों देशों का मामला लड़ाई के स्तर पर पहुंच जाता है। तो क्या हम यह समझ लें कि हमारी फिल्मों को चीन के रूप में एक नया बाजार मिल गया है? हालांकि, यह कहना जल्दबाजी होगी, फिर भी उन भारतीय फिल्मों को जरूर बाजार मिला है, जो बने-बनाए फॉर्मूले से अलग मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश दे रही हैं और चीन के लोगों को यह चीज पसंद आ रही है। जैसे राज कपूर की फिल्मों में तत्कालीन सोवियत संघ के लोग खुद को देखते थे, कुछ वैसा ही आमिर खान की फिल्मों में चीन के लोगों ने देखा। चाहे वह 'थ्री इडियट्स' का, खासकर चीन के युवाओं द्वारा पसंद किया जाना हो, या 'दंगल' के माध्यम से चीन के मध्यमवर्ग के लोगों द्वारा खुद की झलक देखना हो।