हिंदी सिनेमा में जिस एक कलाकार की फिल्म का पिछले चार साल से बेसब्री से इंतजार हो रहा है, वह है कपूर खानदान के मौजूदा वारिस रणबीर कपूर की अगली फिल्म ‘शमशेरा’। अपनी पिछली फिल्म ‘संजू’ में अभिनेता संजय दत्त का किरदार निभाने वाले रणबीर कपूर से मंगलवार को फिल्म के बाकी सितारों के साथ लंबी बातचीत हुई। इस दौरान रणबीर कपूर ने पहली बात तो ये साफ की कि राम कथा पर बनने जा रही या रामायण पर प्रस्तावित किसी फिल्म को उन्होंने अभी तक साइन नहीं किया है। इस फिल्म को लेकर सिर्फ बातें, मुलाकातें ही चलती रही हैं। दूसरी बात रणबीर ने ये साझा की कि पुनर्जन्म के बारे में उन्हें ज्यादा यकीन नहीं हैं। इस बारे में उन्होंने कुछ किताबें जरूर पढ़ी हैं। उन्हें बेटा ही होने का इंतजार नहीं है और जो भी होगा वह ईश्वर की सौगात होगी। हां, उन्होंने और आलिया ने अपने होने वाले बच्चे के नाम सोचने जरूर शुरू कर दिए हैं और अब तक ये लिस्ट भी काफी लंबी हो चुकी है।