Ranbir Kapoor and Shraddha Kapoor
- फोटो : amar ujala
फिल्म निर्देशक और निर्माता लव रंजन फिर एक बार अपना करिश्मा दोहराने के लिए तैयार हैं। लव रंजन की अगली फिल्म में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगी। जानकारी के अनुसार अगले साल की शुरुआत तक इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। फिल्म का निर्देशन का कमान लव रंजन संभालेंगे वहीं फिल्म का निर्माण लव और अंकुर गर्ग के प्रोडक्शन हाउस लव फिल्म्स के द्वारा किया जाएगा।
रणबीर और श्रद्धा अभिनीत यह फिल्म 26 मार्च 2021 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। फिल्म के बारे में बात करते हुए, अंकुर कहते हैं, 'हम रणबीर और श्रद्धा की नई व ताजा जोड़ी के साथ लव रंजन की फिल्म पेश करने के लिए उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि जब दर्शक यह फिल्म देखेंगे तो उन्हें भी ऐसा ही महसूस होगा।' लव फिल्म्स ने इससे पहले 'सोनू के टीटू की स्वीटी' और 'दे दे प्यार दे' जैसी हिट फिल्में दी हैं। रणबीर और श्रद्धा की इस फिल्म के साथ लव 2018 में 'सोनू के टीटू की स्वीटी' की सफलता के बाद एक बार फिर निर्देशक की कमान संभालने के लिए तैयार हैं।
इसके अलावा लव फिल्म्स अगले साल फिल्म 'जय मम्मी दी', 'छलांग' और 'मलंग' रिलीज करेगा। बीते दिनों लव रंजन ने जय मम्मी दी के ट्रेलर लॉन्च में अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बात की थी। इस दौरान उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म का भी जिक्र किया था जिसमें उन्होंने कहा था, 'फिल्म अभी बंद नहीं हुई है। इस फिल्म पर काम चल रहा है। यह फिल्म भविष्य में बनेगी। जब भी इस फिल्म को लेकर चीजें आगे बढ़ेंगी इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।' वहीं लव ने 'प्यार का पंचनामा' पर भी बात की। इस बारे में उन्होंने बताया कि दर्शक 'प्यार का पंचनामा 3' को लेकर उम्मीद बनाए रखें। हालांकि अभी इसे लेकर काम शुरू नहीं हुआ है लेकिन निजी तौर पर वह इस फिल्म को बनाना चाहते हैं। यह एक हिट फ्रेंचाइजी है और वे इसे आगे भी जारी रखना चाहते हैं।
पढ़ें: इंडियन आइडल को मिला नया होस्ट, मनीष पॉल करेंगे इस हफ्ते मेजबानी